उत्तर प्रदेश के एटा जिले में गुरुवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में पांच यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 12 लोग घायल हो गए। एटा-अलीगंज मार्ग पर गांव कीलरमऊ के पास खराबी आने के कारण सड़क किनारे खड़ी रोडवेज बस में पीछे से आए तेज रफ्तार कंटेनर ने जोरदार टक्कर मार दी। यह घटना 3 जुलाई की है। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस करीब 50 मीटर तक आगे घिसटती चली गई और उसके आसपास खड़े यात्री उसकी चपेट में आ गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के समय जोरदार धमाका हुआ। बस के आसपास खड़े कई यात्री सड़क पर घिसटते चले गए और कुछ बस के नीचे दब गए। स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस ने राहत कार्य शुरू कर घायलों को बाहर निकाला। हादसे में शैलेष, सतेंद्र, आशीष, राजेश समेत कुल पांच लोगों की मौत हो गई। घायलों में विनय कुमार (30) और पूनम (32) सहित 12 यात्रियों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
यह भी पढ़ें: पहले चंद्रशेखर आजाद, अब चिराग, मायावती की टेंशन क्यों बढ़ा रहे ये चेहरे?
बस खराब हुई तो नीचे उतर गए थे यात्री
एटा डिपो की रोडवेज बस फर्रुखाबाद के नवाबगंज से दिल्ली जा रही थी। रात करीब 10:45 बजे गांव कीलरमऊ के पास बस के अगले पहिये में खराबी आने पर चालक ने बस को सड़क किनारे रोक दिया। बस में करीब 40 यात्री सवार थे। गर्मी के कारण आधे से अधिक यात्री नीचे उतरकर बस के आसपास खड़े हो गए। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार कंटेनर ने बस में टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कंटेनर की सामने से आ रहे कैंटर से भी भिड़ंत हो गई, जिससे हादसा और भयावह हो गया।
मेडिकल कॉलेज में मची अफरा-तफरी
हादसे के करीब 25 मिनट बाद एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी ले जाया गया। एक साथ बड़ी संख्या में घायल पहुंचने से अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। उस समय इमरजेंसी में सीमित स्टाफ मौजूद था, जिसके बाद अतिरिक्त डॉक्टरों को तत्काल बुलाया गया और सभी घायलों का इलाज शुरू कराया गया।
यह भी पढ़ें: नाबालिग साली से शादी करना चाहता था पति, पत्नी ने रोका तो पिलाया तेजाब, मौत हो गई
डीएम-एसएसपी समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंचे
घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी अरविंद सिंह, एसएसपी डॉ. इलामारन., अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पांडेय, सीएमओ डॉ. राजेंद्र प्रसाद, एसडीएम तथा अन्य प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी की। बाद में सभी मेडिकल कॉलेज पहुंचे, जहां घायलों का हालचाल लिया और इलाज की व्यवस्था का जायजा लिया। देर रात तक अधिकारी घटनास्थल और अस्पताल में डटे रहे।
प्रारंभिक जांच के अनुसार, कंटेनर चालक ने खड़ी बस को ओवरटेक करने का प्रयास किया, लेकिन तेज रफ्तार के कारण नियंत्रण खो बैठा और बस में पीछे से टक्कर मार दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है।