logo

ट्रेंडिंग:

17 लड़कियों से छेड़खानी का आरोप, कौन हैं चैतन्यानंद सरस्वती?

दिल्ली के वसंत कुंज इलाके के एक प्राइवेट इंस्टीट्यूट के डायरेक्टर चैतन्यानंद सरस्वती पर 15 से ज्यादा लड़कियों ने यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश की जा रही है।

Chaitanyananda Saraswati

चैतन्यानंद सरस्वती। (Photo Credit: Delhi Police)

राजधानी दिल्ली के वसंत कुंज में एक प्राइवेट इंस्टीट्यूट के डायरेक्टर पर 15 से ज्यादा छात्राओं के यौन उत्पीड़न का आरोप लगा है। आरोपी का नाम चैतन्यानंद सरस्वती है, जो पहले डॉ. पार्थसारथी के नाम से जाना जाता था। पुलिस ने चैतन्यानंद सरस्वती के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। आरोपी फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस ने बताया कि उसे आगरा के आसपास देखा गया है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


आरोपी चैतन्यानंद सरस्वती वसंत कुंज स्थित SRISIIM इंस्टीट्यूट का डायरेक्टर है। यह इंस्टीट्यूट EWS स्कॉलरशिप पर PGDM कोर्स करवाता है। इसी इंस्टीट्यूट में पढ़ने वाली छात्रों ने चैतन्यानंद सरस्वती पर यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए हैं। छात्राओं ने दावा किया है कि इंस्टीट्यूट में काम करने वाली महिला कर्मचारियों ने भी उन पर चैतन्यानंद सरस्वती की मांगों को पूरा करने का दबाव बनाया था।

क्या है पूरा मामला? कैसे सामने आया? 

  • कैसे सामने आया: 4 अगस्त को चैतन्यानंद सरस्वती के खिलाफ शिकायत मिली थी। SRISIIM इंस्टीट्यूट के मैनेजर ने चैतन्यानंद पर छात्राओं के यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था।
  • पुलिस ने क्या किया: वसंत कुंज नॉर्थ पुलिस स्टेशन में चैतन्यानंद के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। भारतीय न्याय संहिता (BNS) की कई धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है।
  • कितनी लड़कियों ने शिकायत की: पुलिस ने बताया कि संस्थान की 32 लड़कियों के बयान दर्ज किए गए हैं, जिनमें से 17 ने चैतन्यानंद पर यौन उत्पीड़न और अश्लील मैसेज भेजने का आरोप लगाया है।
  • आरोपी कहां है: मामले में FIR दर्ज होने के लगभग महीनेभर बाद भी आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर है। पुलिस ने बताया कि आरोपी की आखिरी लोकेशन आगरा के आसपास दर्ज की गई है।

यह भी पढ़ें-- '900 साल में हिंदुओं की आबादी 30 करोड़ कैसे घट गई?' CM योगी का सवाल

छात्राओं ने क्या आरोप लगाए हैं?

SRISIIM में स्कॉलरशिप पर पढ़ने वाली छात्राओं ने इंस्टीट्यूट के डायरेक्टर चैतन्यानंद सरस्वती पर यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए हैं। 


पुलिस ने बताया कि छात्राएं EWS स्कॉलरशिप पर संस्थान से PGDM का कोर्स कर रही हैं। पुलिस ने आगे बताया कि पूछताछ के दौरान 32 छात्राओं के बयान दर्ज किए गए हैं। इनमें से 17 ने आरोपी पर गाली-गलौज करने, अश्लील मैसेज भेजने और बिना मर्जी के छूने के आरोप लगाए हैं। छात्राओं ने यह भी बताया है कि संस्थान में काम करने वालीं महिला कर्मचारियों ने उन पर आरोपी की मांगें मानने के लिए दबाव भी डाला था।

 


पुलिस ने बताया कि वसंत कुंज नॉर्थ पुलिस स्टेशन में BNS की धारा 75(2), 79 और 351(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है और जांच शुरू कर दिया है। CCTV फुटेज की जांच की जा रही है और आरोपी के कई ठिकानों पर भी छापे मारे गए हैं। मौके से पुलिस ने हार्ड डिस्क भी बरामद की हैं, जिन्हें फोरेंसिक जांच के लिए FSL भेज दिया है।

लग्जरी कार जब्त, फर्जी नंबर प्लेट लगा रखी थी

जांच के दौरान पुलिस ने इंस्टीट्यूट से आरोपी की एक लग्जरी कार बरामद की है, जिस पर संयुक्त राष्ट्र का नंबर लगा था। पुलिस ने बताया कि लाल रंग के वोल्वो कार जब्त की गई है, जिस पर 39UN1 की नकली नंबर प्लेट लगी थी। 

 


पुलिस ने बताया कि यह नंबर संयुक्त राष्ट्र की ओर से जारी नहीं किया गया था। आरोपी ने खुद ही इसमें छेड़छाड़ की थी। इस मामले में भी पुलिस ने BNS की धारा 345(3), 318(4), 336(3) और 340(2) के तहत केस दर्ज किया गया है।


डीसीपी (साउथ-वेस्ट) अमित गोयल ने बताया कि आरोपी को आगरा के पास से ट्रेस कर लिया गया है और उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। बताया जा रहा है कि आरोप ने पहले अग्रिम जमानत की अर्जी दाखिल की थी लेकिन बाद में उसने इसे वापस ले लिया।

 


वहीं, मामला सामने आने के बाद SRISIIM ने चैतन्यानंद सरस्वती को निकाल दिया है। संस्थान ने बताया कि चैतन्यानंद सरस्वती अवैध और अनुचित गतिविधियों में लगे हुए थे, इसलिए उन्हें पूरी तरह से अलग कर दिया गया है।

 

यह भी पढ़ें-- गुरपतपंत सिंह पन्नू पर NIA ने दर्ज की FIR, नए आरोप क्या हैं?

कौन है चैतन्यानंद सरस्वती?

ओडिशा से ताल्लुकात रखने वाले चैतन्यानंद सरस्वती को पहले डॉ. पार्थसारथी के नाम से जाना जाता था। वह खुद को संत बताता है और लगभग 12 साल से आश्रम में रह रहा है।


हालांकि, यह पहली बार नहीं है जब चैतन्यानंद पर यौन उत्पीड़न के आरोप लगे हैं। साल 2009 में उनके खिलाफ धोखाधड़ी और छेड़छाड़ का मामला दर्ज किया गया था। बाद में 2016 में वसंत कुंज में एक महिला ने छेड़छाड़ की शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद पुलिस ने केस दर्ज किया था।


अब चैतन्यानंद पर 17 लड़कियों ने यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है। पुलिस का कहना है कि आखिरी लोकेशन आगरा थी लेकिन वह बार-बार अपना ठीकाना बदल रहा है। पुलिस ने बताया कि आरोपी फोन का भी बहुत कम इस्तेमाल कर रहा है।

शेयर करें

संबंधित खबरें

Reporter

और पढ़ें

design

हमारे बारे में

श्रेणियाँ

Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies

CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap