बिहार की राजधानी पटना में साइबर ठगी के नेटवर्क के खिलाफ पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया है। पटना एसटीएफ, साइबर पुलिस और स्थानीय थाने की टीम ने संयुक्त अभियान में तीन अलग-अलग ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। राजा बाजार के सुशील रेसिडेंसी अपार्टमेंट, बोरिंग रोड के मेरिडियन अपार्टमेंट और पत्रकार नगर स्थित शाही कुशुम इनफिनिटी में पुलिस की टीम ने जांच की। इस कार्रवाई के दौरान करीब 30 से 32 लोगों को हिरासत में लिए जाने की सूचना है। वहीं, पुलिस को कई अहम दस्तावेज मिलने की भी जानकारी सामने आई है।
सुबह से ही पुलिस ने संभाला मोर्चा
पटना में साइबर ठगी के नेटवर्क को खंगालने के लिए एसटीएफ और साइबर पुलिस ने बुधवार सुबह से ही मोर्चा संभाल लिया। तीन अलग-अलग इलाकों में एक साथ पुलिस की टीम पहुंची और संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी। पहली कार्रवाई राजा बाजार स्थित मशली गली के सुशील रेसिडेंसी अपार्टमेंट में की गई। यहां करीब 30 से 40 पुलिसकर्मियों की टीम पहुंची थी।
यह भी पढ़ें: फुलेरा में सत्ता बदलते ही पलटी सचिव जी की किस्मत, कब रिलीज होगी 'पंचायत 5'?
पुलिस ने अपार्टमेंट के कई फ्लैटों की तलाशी ली। वहीं दूसरी टीम बोरिंग रोड के मोंटेसरी लेन स्थित मेरिडियन अपार्टमेंट में जांच कर रही थी। यहां भी पुलिस ने कई फ्लैटों में छापेमारी की। इसके अलावा पत्रकार नगर के शाही कुशुम इनफिनिटी में भी एसटीएफ, स्थानीय पुलिस और साइबर पुलिस की टीम ने छापेमारी की।
सूचना पर हुई कार्रवाई
बताया जा रहा है कि साइबर पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ ठिकानों से साइबर ठगी का नेटवर्क संचालित किया जा रहा है। इसी सूचना के आधार पर योजनाबद्ध तरीके से यह कार्रवाई की गई। तीनों स्थानों पर 30 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी, जिसमें एसटीएफ के अधिकारी भी शामिल थे। इस कार्रवाई के दौरान अब तक करीब 30 से 32 लोगों को हिरासत में लिए जाने और कई अहम दस्तावेज बरामद होने की सूचना है। हालांकि, पुलिस की ओर से अभी तक बरामद सामान और हिरासत में लिए गए लोगों की भूमिका को लेकर आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है।
शाही कुशुम इनफिनिटी में पहले भी हो चुकी है छापेमारी
वहीं पत्रकार नगर स्थित शाही कुशुम इनफिनिटी को लेकर भी चर्चा है। इस अपार्टमेंट में इससे पहले एनआईए की टीम भी छापेमारी कर चुकी है। उस कार्रवाई का संबंध झारखंड में आरएसएस कार्यालय पर हुए हमले की जांच से बताया गया था। वहां रहने वाले लोगों और अपार्टमेंट के गार्ड से भी बातचीत की गई। स्थानीय लोगों के मुताबिक सुबह से ही अपार्टमेंट में पुलिस की छापेमारी चल रही थी। अचानक बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों के पहुंचने से लोग हैरान और परेशान हो गए। अपार्टमेंट के गार्ड ने बताया कि पुलिस की इतनी बड़ी टीम को देखकर वे लोग भी घबरा गए थे।
यह भी पढ़ें: 'कुलदीप सेंगर के घर से कोई चुनाव लड़ेगा तो समर्थन देंगे', बृजभूषण सिंह का एलान
फ्लैट नंबर 301 में हुई छापेमारी
जानकारी के मुताबिक अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 301 में पुलिस ने छापेमारी की। स्थानीय लोगों ने बताया कि इस फ्लैट में कुनाल कुमार रहते हैं और उनका पटना के पाटलिपुत्र इलाके में साइबर कैफे है। हालांकि, साइबर ठगी के मामले में उनकी भूमिका को लेकर पुलिस की ओर से अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई। फिलहाल पटना के तीनों ठिकानों पर हुई छापेमारी को लेकर पुलिस की जांच जारी है। हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ और बरामद दस्तावेजों की जांच के बाद ही साइबर ठगी के इस नेटवर्क से जुड़े बड़े खुलासे होने की उम्मीद है।