logo

मूड

ट्रेंडिंग:

पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर ट्रक में घुसी तेज रफ्तार कार, 3 टेनिस खिलाड़ियों की मौत

UP के जिला सुल्तानपुर पूर्वांचल एक्सप्रेस वे पर बुधवार की सुबह तेज स्पीड में जा रही कार की ट्रक में पीछे से जोरदार भिड़ंत हो गई। कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार तीन टेनिस खिलाड़ियों की मौत हो गई।

Damaged car and police

घटना स्थल पर क्षतिग्रस्त कार व मौजूद पुलिस, Photo Credit : Social Media

शेयर करें

google_follow_us

संबंधित खबरें

Advertisement

उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर बुधवार सुबह भीषण सड़क हादसे में तीन टेनिस खिलाड़ियों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। लखनऊ में आयोजित टेनिस प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के बाद छह खिलाड़ी अर्टिगा कार से देवरिया लौट रहे थे। धनपतगंज थाना क्षेत्र के सुखबड़ेरी के पास माइलस्टोन 97.500 के नजदीक करीब सुबह पांच बजे तेज रफ्तार कार आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए।

हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों और यूपीडा के सुरक्षाकर्मियों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। घायलों को पहले कुमारगंज स्थित सौ शैय्या संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने पर तीनों को अयोध्या के मेडिकल कॉलेज दर्शननगर रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया।

नित्या, इरफान और अनिकेत की मौत

हादसे में देवरिया निवासी नित्या प्रजापति (22), इरफान अंसारी (20) और अनिकेत (24) की जान चली गई। तीनों लखनऊ में टेनिस प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के बाद अपने गृह जनपद देवरिया लौट रहे थे। हादसे की खबर मिलते ही परिवारों में कोहराम मच गया और परिजन सुल्तानपुर के लिए रवाना हो गए।

 

यह भी पढ़ें: UP में 10 लाख का सॉल्वर कांड! दोस्त की जगह परीक्षा दे रहा टेक्नीशियन पकड़ा गया

तीन खिलाड़ी गंभीर, अयोध्या मेडिकल कॉलेज रेफर

घायलों की पहचान देवरिया के लार थाना क्षेत्र के लखौरा निवासी आनंद यादव (23), तैयर बुजुर्ग निवासी राजू (22) और पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के जमुनी निवासी जयंतो शर्मा (30) के रूप में हुई है। तीनों की हालत गंभीर बताई जा रही है और उनका इलाज अयोध्या के मेडिकल कॉलेज दर्शननगर में चल रहा है।

कार में सवार सभी लोग नींद में थे

घायल जयंतो शर्मा ने बताया कि सभी लोग टेनिस खिलाड़ी हैं और लखनऊ में प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के बाद देवरिया लौट रहे थे। सफर के दौरान कार में सवार लोग नींद में थे। अचानक जोरदार टक्कर हुई। जयंतो के मुताबिक उन्हें हादसा किस तरह हुआ, इसकी जानकारी नहीं हो सकी। कार की रफ्तार करीब 100 किलोमीटर प्रति घंटे और चालक को झपकी आने की आशंका जताई गई है। हालांकि पुलिस अभी हादसे के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है।

 

यह भी पढ़ें: सुल्तानपुर में प्रिंसिपल दंपती का डबल मर्डर, स्कूल कर्मचारियों पर आरोप

ट्रक चालक हादसे के बाद फरार

हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने दुर्घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। अज्ञात ट्रक की पहचान और उसके चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस एक्सप्रेसवे पर लगे कैमरों और अन्य माध्यमों से ट्रक का पता लगाने में जुटी है।हादसे ने छह खिलाड़ियों के परिवारों को झकझोर कर रख दिया है। लखनऊ में खेल प्रतियोगिता में हिस्सा लेकर घर लौट रहे युवाओं के लिए सुल्तानपुर का एक्सप्रेसवे सफर आखिरी सफर साबित हुआ।


और पढ़ें