logo

मूड

ट्रेंडिंग:

सुल्तानपुर में प्रिंसिपल दंपती का डबल मर्डर, स्कूल कर्मचारियों पर आरोप

सुल्तानपुर में प्रिंसिपल दंपती की हत्या के मामले में पुलिस स्कूल के दो कर्मचारियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। वारदात के दिन दोनों चोरी करने गए थे।

Sultanpur Murder Accusd in Police Custody

पुलिस हिरासत में पकड़े गए आरोपी, Photo Credit : Sultanpur Police

शेयर करें

google_follow_us

संबंधित खबरें

Advertisement

उत्तर प्रदेश के जिला सुल्तानपुर में प्रिंसिपल दंपती की सनसनीखेज हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। कादीपुर के कुंभी डडिया गांव में मनराजी शिक्षण संस्थान के प्रिंसिपल मुकेश कुमार सिंह और उनकी पत्नी विनीता सिंह की हत्या किसी बाहरी बदमाश ने नहीं, बल्कि स्कूल से जुड़े ही दो लोगों ने की थी। पुलिस ने मामले में बस चालक और कंप्यूटर शिक्षक रहे राकेश कुमार यादव और उसके साथी आशीष यादव को गिरफ्तार किया है।

 

पुलिस के मुताबिक दोनों आर्थिक तंगी के चलते चोरी करने के इरादे से स्कूल में घुसे थे, लेकिन विनीता सिंह ने उन्हें देख लिया। पहचान खुलने के डर से आरोपियों ने दंपती पर हमला कर दिया।

 

कादीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कुंभी डडिया में 28/29 सितंबर की रात हुए इस दोहरे हत्याकांड के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी। घटना के बाद मृतक मुकेश कुमार सिंह के भाई अखिलेश सिंह की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस ने जांच के दौरान मिले साक्ष्यों और अन्य जानकारी के आधार पर आरोपियों की पहचान की और मंगलवार को दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

 

यह भी पढ़ें: UP में 10 लाख का सॉल्वर कांड! दोस्त की जगह परीक्षा दे रहा टेक्नीशियन पकड़ा गया

स्कूल की हर गतिविधि से वाकिफ था राकेश

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राकेश कुमार यादव (36) और आशीष यादव उर्फ डब्लू (26) के रूप में हुई है। दोनों कुंभी डडिया गांव के रहने वाले हैं। राकेश मनराजी शिक्षण संस्थान में बस चालक और कंप्यूटर शिक्षक के तौर पर काम करता था। इस वजह से उसे स्कूल के कार्यालय, कमरों, अलमारी और CCTV समेत संस्थान की व्यवस्था की पूरी जानकारी थी। पुलिस के मुताबिक इसी जानकारी का फायदा उठाकर राकेश ने अपने पड़ोसी और पट्टीदार आशीष यादव के साथ मिलकर चोरी की योजना बनाई। दोनों 28 सितंबर की रात शिक्षण संस्थान में चोरी करने के इरादे से पहुंचे थे।

लॉकर खोल रहे थे, तभी विनीता की नजर पड़ गई

जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी अलमारी का लॉकर खोलने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान विनीता सिंह की नजर उन पर पड़ गई। उन्होंने आरोपियों का विरोध किया। पहचान सामने आने के डर से दोनों ने विनीता सिंह पर हमला कर दिया। शोर सुनकर मुकेश कुमार सिंह वहां पहुंचे और बाद में वहां से भागने लगे। आरोपियों ने उनका पीछा किया और उन पर भी हमला कर दिया।

 

हमले में प्रिंसिपल दंपती की मौत हो गई।वारदात के बाद दोनों आरोपी नकदी, मोबाइल फोन और विनीता सिंह का आधार कार्ड लेकर मौके से फरार हो गए। मृतक के भाई की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने कई बिंदुओं पर जांच शुरू की। इसी दौरान पुलिस आरोपियों तक पहुंची।

 

यह भी पढ़ें: मुजफ्फरनगर में स्कॉर्पियो-डंपर की आमने-सामने टक्कर, एक ही परिवार के 4 की मौत

34,960 रुपये और वारदात में इस्तेमाल हथियार बरामद

पुलिस ने दोनों आरोपियों को कादीपुर स्थित बुढ़ाना पुल के पास बड़ी नहर पुलिया से करीब 50 मीटर पूर्व गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से कुल 34,960 रुपये बरामद हुए। इनमें राकेश कुमार यादव के पास से 18,220 रुपये और आशीष यादव के पास से 16,740 रुपये मिले। इसके अलावा पुलिस ने मृतका विनीता सिंह का आधार कार्ड भी बरामद किया है।

 

वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियार और घटना के समय आरोपियों द्वारा पहने गए कपड़े भी पुलिस ने बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक आर्थिक तंगी में चोरी की बनाई गई योजना देखते ही देखते दोहरे हत्याकांड में बदल गई। पहचान खुलने के डर से आरोपियों ने प्रिंसिपल दंपती की हत्या कर दी। दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Related Topic:#UP News#Crime News

और पढ़ें