तमिलनाडु के विरुधुनगर जिले में कट्टनारपट्टी में रविवार को एक निजी पटाखा बनाने वाली फैक्ट्री में जोरदार विस्फोट हो गया। इस हादसे में 20 लोगों की मौत हो गई है, जिनमें महिलाएं कामगार भी शामिल हैं। कई लोग घायल हो गए हैं।
पुलिस और सरकारी अधिकारियों के मुताबिक, अब तक 20 शव बरामद कर लिए गए हैं। शवों की पहचान चल रही है। रेस्क्यू ऑपरेशन अभी भी जारी है। फायर विभाग के अधिकारी ने बताया कि हादसे के समय फैक्ट्री में करीब 30 कामगार मौजूद थे।
यह भी पढ़ें: परिसीमन विधेयक के खिलाफ विपक्ष का हल्ला बोल, दक्षिणी राज्य आगबबूला
ब्लास्ट दोपहर करीब 3:30 बजे 'वनजा' फायरवर्क्स फैक्ट्री के सामने वाले वरांडे में हुआ। ब्लास्ट इतना तेज था कि कम से कम तीन कमरे पूरी तरह मलबे में बदल गए। आसपास की कई इमारतें भी पूरी तरह ध्वस्त हो गईं।
नेताओं ने जताया दुख
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने इस हादसे पर दुख व्यक्त किया है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने एक्स पर लिखा, 'विरुधुनगर जिले में पटाखा फैक्ट्री में हुए दुखद हादसे में लोगों की जान जाना बेहद दर्दनाक है। मैं शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करती हूं। घायलों के जल्दी स्वस्थ होने की कामना करती हूं।'
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इसे 'गहरा दुखद' बताया। उन्होंने एक्स पर लिखा, 'जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मैं संवेदना व्यक्त करता हूं। घायल लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।'
मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने भी मृतकों को श्रद्धांजलि दी और जिला प्रशासन को हर जरूरी मदद करने का निर्देश दिया। उन्होंने दो मंत्रियों को घटनास्थल पर भेजा है ताकि रेस्क्यू कार्यों की निगरानी की जा सके।
यह भी पढ़ें: ईरान में उलझा अमेरिका, आगे बढ़ा चीन; ड्रैगन की बढ़ी अर्थव्यवस्था
स्टालिन ने एक्स पर लिखा, 'कट्टनारपट्टी में पटाखा फैक्ट्री ब्लास्ट में कई लोगों की मौत की खबर से बहुत दुख हुआ है। मृतकों के परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है। मैंने जिला कलेक्टर को सभी जरूरी मदद समन्वय करने का निर्देश दिया है।'
अभी तक हादसे के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस और अधिकारियों की टीम जांच कर रही है।