हाल ही में तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद के एक प्राइवेट स्कूल में अजीबोगरीब मामला सामने आया था। स्कूल की एक टीचर ने क्लास 2 के एक बच्चे को कलमा पढ़कर आने और सूरह फातिहा सीखने का होमवर्क दिया था। इसी टीचर से कुछ लोगों की बहस का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। बच्चे के पैरेंट्स ने शिकायत की थी कि ऐसा दूसरी बार हुआ था। उन्होंने स्कूल प्रशासन पर भी सवाल उठाए थे। अब इस टीचर के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 'SUCCESS The School' ने उन्हें बाहर का रास्ता दिखा दिया है।
इस मामले में सवाल उठने के बाद स्कूल ने बुधवार को ही एक आदेश जारी करके टीचर शाइक आयशा परवीन को नौकरी से निकाल दिया है। आदेश में कहा गया है कि उन्हें 16 जुलाई 2026 से मदर टीचर के पद से बर्खास्त किया जाता है। साथ ही, यह भी कहा गया है कि वह सक्सेस ग्रुप ऑफ एजुकेशन इंस्टिट्यूशन्स के किसी भी स्कूल में नौकरी नहीं कर सकेंगी।
यह भी पढ़ें: भैंस बेचकर गर्लफ्रेंड से की लव मैरिज, घरवालों ने मंदिर के बाहर ही जमकर पीटा
स्कूल में क्या हुआ था?
यह मामला बुधवार यानी 15 जुलाई को सामने आया जब क्लास 2 के एक बच्चे के पैरेंट्स ने स्कूल के सामने यह मुद्दा उठाया। सैयदाबाद में स्थित इस स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों के पैरेंट्स ने वह नोटबुक भी दिखाई जिसमें कलमा पढ़ने और सूरह फातिहा पढ़कर आने का होमवर्क दिया गया था। बच्चों के पैरेंट्स स्कूल पहुंच गए और टीचर्स से बहस का उनका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। इस बच्चे के पैरेंट्स ने कहा कि पहले भी इस तरह के होमवर्क दिए जा चुके हैं। पैरेंट्स ने सवाल उठाए कि आखिर दूसरे धर्म के बच्चों को इस तरह की चीजें पढ़ने या याद करने को क्यों कहा जा रहा है?
यह भी पढ़ें: बंटी यादव हत्याकांड केस का मुख्य आरोपी एनकाउंटर के बाद अरेस्ट, पैर में लगी गोली
BJP नेताओं ने किया प्रदर्शन
बीजेपी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने 'सक्सेस द स्कूल' के बाहर प्रदर्शन भी किया। इसी मामले में वकील और बीजेपी के नेता करुणा सागर गुरुवार को सक्सेस स्कूल पहुंच गए। उन्हें पुलिस ने हिरासत में ले लिया। उन्होंने कहा, 'मैं यहां यह पूछने आया हूं कि पुलिस ने कोई FIR क्यों नहीं दर्ज की? मेरी मांग है कि उस प्रिंसिपल को गिरफ्तार किया जाए जो मासूम बच्चों को कुरान पढ़ने पर मजबूर कर रही है।'
बता दें कि टीचर को बर्खास्त करने के अलावा स्कूल की ओर से कोई अन्य बयान सामने नहीं आया है। संबंधित टीचर का भी इस बारे में कोई बयान नहीं आया है।