जेडीयू नेता केसी त्यागी ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को भारत रत्न देने की मांग की। उन्होंने दो दिन पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक पत्र लिखा और कहा कि नीतीश कुमार सर्वोच्च नागरिक सम्मान के हकदार हैं। केसी त्यागी के मांग पर केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, 'पिछले दो दशकों में सीएम नीतीश कुमार ने बिहार को बेहतरीन नेतृत्व दिया है। यकीनन उनके कई कामों की सराहना की जानी चाहिए। देश के सर्वोच्च सम्मान भारत रत्न का आधार कई तरह की प्रक्रिया होती है। मैं इतना जरूर मानूंगा कि वे इसके काबिल जरूर हैं।'
दूसरी तरफ जनशक्ति जनता दल के मुखिया और लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने अपने पिता के लिए भारत रत्न की मांग की। तेज प्रताप ने कहा, 'भारत रत्न लालू प्रसाद यादव को भी मिलना चाहिए। हमारे पिता और नीतीश कुमार भाई-भाई की तरह रहे हैं। दोनों भाइयों को भारत रत्न मिलना चाहिए। जनशक्ति जनता दल की मांग है कि भारत रत्न लालू प्रसाद यादव को भी मिलना चाहिए।'
यह भी पढ़ें: सिख गुरुओं के नाम पर कैसे फंसीं आतिशी? राहत से आफत तक की पूरी कहानी
केसी त्यागी ने अपने पत्र में क्या लिखा?
अपने पत्र में केसी त्यागी ने लिखा, 30 मार्च 2024 हमारे पूर्वजों को सम्मानित करने का दिन था। आपके प्रयासों के कारण उन्हें सर्वोच्च सम्मान भारत रत्न से सम्मानित किया गया। आपके प्रयासों से प्रभावित होकर मैं विनम्रतापूर्वक अनुरोध करता हूं कि समाजवादी आंदोलन के एक कीमती रत्न नीतीश कुमार भी इस सम्मान के हकदार हैं। कई नायकों को उनके जीवनकाल में यह सम्मान मिला है। लाखों लोगों की ओर से मुझे उम्मीद है और मैं अनुरोध करता हूं कि हमारे प्यारे नेता नीतीश कुमार को यह सम्मान दिया जाए ताकि इतिहास आपके प्रयासों को याद रखे।'
जेडीयू ने कर लिया किनारा
उधर, जनता दल यूनाइटेड (JDU) ने केसी त्यागी से किनारा कर लिया है। पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने कहा, 'पूर्व पार्टी सांसद ने हाल के दिनों में कई बयान दिए हैं। यह बयान पार्टी की विचारधारा और आधिकारिक रुख के मुताबिक नहीं हैं। उनके सभी बयान को उनकी निजी हैसियत से दिया गया माना जाएगा। पार्टी के पदाधिकारियों को यह भी पक्के तौर पर पता नहीं है कि त्यागी के पास पार्टी में अब भी कोई पद है या नहीं।
यह भी पढ़ें: 14 साल बीते, गोमूत्र-गोबर से नहीं मिला कैंसर का इलाज; अब 3.5 करोड़ की तलाश
केसी त्यागी ने अपने पत्र में जिस 30 मार्च 2024 की तारीख का उल्लेख किया, उस दिन राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने पूर्व प्रधानमंत्रियों पीवी नरसिम्हा राव और चौधरी चरण सिंह, कृषि वैज्ञानिक एमएस स्वामीनाथन और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री कर्पूरी ठाकुर को मरणोपरांत भारत रत्न दिया था। केसी त्यागी पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह, शरद यादव और नीतीश कुमार के बेहद करीबी रहे हैं। वे जेडीयू की स्थापना के समय से ही पार्टी से जुड़े रहे।