संजय सिंह पटना। बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव से पहले पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव की पार्टी जनशक्ति जनता दल को बड़ा झटका लगा है। पार्टी की उम्मीदवार वीणा मानवी का नामांकन स्क्रूटनी में रद्द कर दिया गया है। नामांकन रद्द होने की सूचना मिलते ही तेज प्रताप यादव खुद पटना कलेक्ट्रेट पहुंचे। उन्होंने कहा कि पार्टी इस फैसले को अदालत में चुनौती देगी। कल नामांकन दाखिल करने के बाद पुलिस ने वीणा को गिरफ्तार कर लिया था।
बांकीपुर उपचुनाव के लिए सोमवार को नामांकन प्रक्रिया पूरी हुई थी। इसके बाद मंगलवार को नामांकन पत्रों की स्क्रूटनी की गई। स्क्रूटनी के दौरान जनशक्ति जनता दल की उम्मीदवार वीणा मानवी का नामांकन खारिज कर दिया गया। रिटर्निंग अधिकारी ने नामांकन रद्द करने का कारण पुराना आपराधिक मामला बताया।
यह भी पढ़ें: 'ब्रह्मोस मिसाइल सीधे आतंकवादी की खटिया में लगेगी', बृजेश पाठक ने बताया तरीका
धोखाधड़ी के मामले में गिरफ्तार किया
जानकारी के अनुसार नामांकन दाखिल करने के बाद पटना पुलिस ने वीणा मानवी को धोखाधड़ी के एक पुराने मामले में गिरफ्तार किया था। हालांकि बाद में उन्हें अदालत से जमानत मिल गई थी और उन्हें रिहा कर दिया गया था। इसी आधार पर उनका नामांकन रद्द किया गया है।
स्क्रूटनी में वीणा मानवी के साथ कुल 10 उम्मीदवारों के नामांकन खारिज किए गए। खारिज होने वालों में निर्दलीय प्रत्याशी प्रिया किन्नर का नाम भी शामिल है।
यह भी पढ़ें: 9 महीने की गर्भवती भैंस का हुआ ऑपरेशन, पेट से निकलीं धातु की 66 चीजें
सोमवार को दाखिल हुआ था नामांकन
सोमवार को बांकीपुर उपचुनाव के लिए सभी प्रमुख दलों के उम्मीदवारों ने नामांकन किया था। इसमें जन सुराज के प्रशांत किशोर, बीजेपी के नीरज कुमार सिन्हा, आरजेडी की रेखा कुमारी गुप्ता और जनशक्ति जनता दल की वीणा मानवी शामिल थीं। अब स्क्रूटनी के बाद जो उम्मीदवार वैध पाए गए हैं, वे चुनाव प्रचार में जुट गए हैं। वहीं वीणा मानवी का नामांकन रद्द होने से जनशक्ति जनता दल की चुनावी रणनीति पर असर पड़ा है।
मीडिया से बात करते हुए तेज प्रताप ने कहा कि ये लोकतंत्र की हत्या है। वीणा मानवी को जमानत मिल चुकी है। इसके बावजूद उनका नामांकन रद्द किया गया है। हम इस फैसले को न्यायालय में चुनौती देंगे। हमें अदालत पर पूरा भरोसा है।उन्होंने कहा कि पार्टी कानूनी टीम से सलाह करके जल्द ही हाईकोर्ट में याचिका दायर करेगी।