बिहार के सीवान जिले में छात्रों पर हुई पुलिस फायरिंग को लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने बिहार सरकार और पुलिस प्रशासन पर सवाल उठाए हैं। तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि छात्रों पर गोली चलाने का आदेश किसने दिया यह अब तक साफ नहीं हुआ है। उन्होंने पुलिस की कार्रवाई को गंभीर बताते हुए दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की है। तेजस्वी ने कहा कि वह जल्द ही राज्यपाल से मुलाकात कर इस मामले की शिकायत करेंगे।
तेजस्वी यादव ने कहा कि निर्दोष छात्रों पर AK-47 से गोली चलाने का आदेश आखिर किसने दिया सरकार को इसका जवाब देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने छात्रों को निशाना बनाकर गोली चलाने की कोशिश की। उनके मुताबिक, यह सिर्फ कानून-व्यवस्था से जुड़ी कार्रवाई नहीं है बल्कि इस मामले में सरकार को जवाब देना चाहिए।
यह भी पढ़ें: फोन पर बीवी से हुआ झगड़ा, 6 साल के बेटे को नदी में फेंका, फिर पुलिस को किया फोन
राजनीतिक दबाव का लगाया आरोप
तेजस्वी यादव ने सीवान गोलीकांड को लेकर राजनीतिक दबाव का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि बिहार में सत्ता के दबाव में पुलिस ने छात्रों पर कार्रवाई की है। तेजस्वी ने आरोप लगाया कि छात्रों की आवाज दबाने की कोशिश की जा रही है और सरकार उनकी मांगों को सुनने के बजाय उन्हें डराने में लगी है।उन्होंने यह भी कहा कि फायरिंग का आदेश देने वाले पुलिस अधिकारियों और इसमें शामिल नेताओं पर कार्रवाई होनी चाहिए। तेजस्वी ने दावा किया कि इस घटना से बिहार की कानून-व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हुए हैं।
DGP से मिले तेजस्वी, राज्यपाल से करेंगे शिकायत
घटना के बाद तेजस्वी यादव ने मंगलवार को बिहार के DGP से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने पूरे मामले की जानकारी ली और दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की। तेजस्वी ने कहा कि वे इस मामले को लेकर जल्द ही राज्यपाल से भी मुलाकात करेंगे और उन्हें घटना की पूरी शिकायत सौंपेंगे। तेजस्वी ने विपक्ष के दूसरे नेताओं से भी बिहार आने की अपील की। उन्होंने
राहुल गांधी
और
अखिलेश यादव
जैसे नेताओं से बिहार आकर छात्रों और युवाओं की स्थिति देखने की बात कही। तेजस्वी ने यह भी कहा कि यह मामला सिर्फ सीवान तक सीमित नहीं है। यह बिहार की कानून व्यवस्था और प्रशासनिक व्यवस्था से जुड़ा गंभीर सवाल है।
यह भी पढ़ें: बिजली कनेक्शन के नाम पर मांगे 15 हजार, JE समेत 3 गिरफ्तार
आर्थिक स्थिति पर भी उठाए सवाल
सीवान गोलीकांड के साथ-साथ तेजस्वी यादव ने राज्य की आर्थिक स्थिति को लेकर भी सरकार पर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के पास कर्मचारियों को वेतन और पेंशन देने के लिए पैसे नहीं हैं। उन्होंने कहा कि सावन और त्योहारों के समय भी कर्मचारियों को समय पर भुगतान नहीं मिल रहा है। एक तरफ सरकार बड़े-बड़े दावे कर रही है और दूसरी तरफ कर्मचारियों को तनख्वाह के लिए दर-दर भटकना पड़ रहा है। ये सरकार की नाकामी है।
तेजस्वी ने आगे कहा कि जब सरकार के पास कर्मचारियों को देने के लिए पैसे नहीं हैं तो फिर बड़े-बड़े आयोजन और विज्ञापनों पर करोड़ों कैसे खर्च हो रहे हैं।राजद सूत्रों का कहना है कि अगर सरकार ने दोषियों पर कार्रवाई नहीं की तो पार्टी सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन करेगी। तेजस्वी ने कहा कि छात्र, युवा और कर्मचारी अब चुप नहीं बैठेंगे।