हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में पत्नी से फोन पर हुई नोकझोंक के बाद एक पिता ने अपने छह साल के बेटे को रावी नदी में फेंक दिया। घटना चंबा पठानकोट मार्ग पर परेल पुल के पास की बताई जा रही है। आरोपी ने मंगलवार सुबह खुद पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 पर फोन कर बच्चे को नदी में फेंकने की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। बच्चे की तलाश के लिए पुलिस और एनडीआरएफ की टीमें नदी में सर्च अभियान चला रही हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान 30 वर्षीय हितेश कुमार के रूप में हुई है। वह डभूंई गांव का रहने वाला है और पिछले करीब एक साल से परेल में किराए के कमरे में रह रहा था। बताया जा रहा है कि उसकी पत्नी करीब एक महीने से अपने मायके अमृतसर में रह रही थी। वहीं उनका छह साल का बेटा गगनदीप पिता के साथ रह रहा था। सोमवार रात करीब 8 बजे हितेश अपनी पत्नी से फोन पर बात कर रहा था। इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर बहस हो गई। पुलिस की जानकारी मुताबिक, बहस के बाद हितेश अपने बेटे को परेल पुल के पास ले गया और उसी रावी नदी में फेंक दिया। इसके बाद वह वहां से चुपचाप चला गया।
यह भी पढ़ें: नागपुर में अधिकारी की बेटी से रेप, आरोपी ने खुद को पहुंचाई चोट; ICU में भर्ती
खुद ही पुलिस को दी सूचना
मंगलवार सुबह हितेश ने खुद डायल 112 पर फोन करके पुलिस को बताया कि उसने अपने बेटे को रावी नदी में फेंक दिया है। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने जांच की तो बच्चा कमरे में नहीं मिला। इसेक बाद पुलिस ने हितेश को गिरफ्तार कर लिया और नदी में बच्चे की तलाश शुरू कर दी। बच्चे की तलाश के लिए पुलिस और एनडीआरएफ की टीमें रावी नदी में सर्च ऑपरेशन चला रही है। एसपी चंबा विजय सकलानी ने बताया कि तलाश जारी है और मामले की जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें: जॉलीवुड म्यूजिक पर ED का छापा, निवेशकों से करोड़ों की ठगी की जांच तेज
पुलिस ने आरोपी की पत्नी का मोबाइल फोन भी अपने कब्जे में कर लिया है। अब पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि फोन पर दोनों के बीच किस बात को लेकर विवाद हुआ था। जानकारी के लिए बता दें कि आरोपी एक निजी कंपनी में काम करता था और फिलहाल दिहाड़ी मजदूरी कर रहा था।