पश्चिम बंगाल के कूच बिहार में भारत-बांग्लादेश सीमा पर तनाव की स्थिति देखने को मिली। बांग्लादेशी घुसपैठिये नदी से रेत की तस्करी करने पर जुटे थे। सीमा सुरक्षा बल (BSF) के जवानों ने जब रोकने का प्रयास किया तो बांग्लादेशी घुसपैठियों ने हमला कर दिया। बीएसएफ जवानों ने स्मोक ग्रेनेड फेंककर घुसपैठियों को तितर-बितर किया।
सोशल मीडिया पर घटना का वीडियो वायरल है। इसमें लाठी-डंडों के साथ घुसपैठी नदी में और आसपास मौजूद हैं। आरोपियों ने रोकने पर बीएसएफ जवानों पर हमला कर दिया। जवाब में बीएसएफ जवानों ने स्मोक ग्रेनेड से सभी घुसपैठियों को भगा दिया।
यह भी पढ़ें: 'अपनी पत्नी से माफी मांगें अखिलेश', घुसपैठिये वाले बयान पर नेहा जोशी ने घेरा
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक घुसपैठियों की संख्या बीएसएफ टुकड़ी से चार गुना अधिक अधिक थी। घटना कूचबिहार के मेखलीगंज ब्लॉक के भोटबारी के पास की है। करीब 30 हथियारबंद बांग्लादेशी अवैध तौर पर शनिवार दोपहर को भारतीय क्षेत्र में आ घुसे। यहां स्थित सनियाजन नदी से अवैध तौर पर रेत निकालने लगे। घुसपैठ की जानकारी मिलने पर कोशी बॉर्डर आउटपोस्ट से बीएसएफ जवान मौके पहुंचे और नदी में उतरकर बांग्लादेशियों को रोकने का प्रयास किया।
यह भी पढ़ें: भारत-पाकिस्तान मैच की तारीख का ऐलान, कतर में होगा एशिया कप राइजिंग स्टार्स
ताजा घटना के बाद क्षेत्र में तनाव है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक पहले भी नदी से रेत और पत्थर की तस्करी के मामले सामने आ चुके हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि बांग्लादेशी नागरिक कंटीले तार को पार कर तस्करी करने आते हैं। मेखलीगंज में धरला और सनियाजन नदियों में तस्करी करने बांग्लदेशी आते रहते हैं। हालांकि पूरे इलाके की निगरानी बीएसएफ करती है।
569 किमी हिस्से में बाड़बंदी नहीं
भारत की सबसे बड़ी अतंरराष्ट्रीय सीमा बांग्लादेश के साथ लगती है। सीमा की कुल लंबाई 4096.7 किलोमीटर है। यह दुनिया की पांचवीं सबसे लंबी अंतरराष्ट्रीय सीमा रेखा है। पश्चिम बंगाल में बांग्लादेश की सीमा लगभग 2,216.7 किमी पड़ती है।
केंद्र सरकार तेजी से बाड़बंदी कर रही है। पश्चिम बंगाल में बीजेपी सरकार आने के बाद नौ जिलों में 1024 एकड़ जमीन बीएसएफ को सौंपी जा चुकी है। इस जमीन का इस्तेमाल बाड़बंदी और बॉर्डर आउटपोस्ट निर्माण में किया जाएगा। गृह मंत्रालय के मुताबिक बंगाल में अभी 569 किमी हिस्से में बाड़बंदी नहीं हो सकी है, इसमें से 113 किमी हिस्सा नदियों वाला है।