हरियाणा के सरकारी अस्पतालों में तैनात नर्सिंग ऑफिसर्स ने आज बैठक के बाद अनिश्चितकालीन हड़ताल का एलान किया था, जिसे अब अस्थाई तौर पर स्थगित कर दिया गया है। नर्सिंग ऑफिसर्स वेलफेयर एसोसिएशन की तरफ से शनिवार को हरियाणा के सभी जिलों में बैठक की गई। इसके बाद सर्वसम्मति से फैसला लिया गया है कि हड़ताल से पहले वह एक बार ओर अपनी मांगों को लेकर सरकार से बात करेंगे।
नर्सिंग ऑफिसर्स वेलफेयर एसोसिएशन की राज्य प्रधान विनीता बांगड़ ने बताया कि 16 नवंबर को अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा से मुलाकात करेंगे। इसके बाद भी उनकी मांगों को पूरा नहीं किया गया तो वह स्वास्थ्य मंत्री व मुख्यमंत्री से मुलाकात करेंगे। उन्होंने बताया कि इसके बाद भी उनकी मांग पूरी नहीं की गई तो अनिश्चितकालीन हड़ताल की जाएगी। हड़ताल के दौरान इमरजेंसी सेवाएं भी बंद रहेंगी।
यह भी पढ़ें: हरियाणा में नर्सिंग ऑफिसर्स की हड़ताल से पहले फोन टैपिंग का आरोप, क्या है विवाद?
ये हैं मुख्य मांगें
प्रधान विनीता बांगड़ ने बताया कि सेंटर गवर्नमेंट में नर्सिंग स्टाफ को 9 हजार रुपये नर्सिंग अलाउंस मिल रहा है। हरियाणा के निजी मेडिकल कॉलेजों में 1200 रुपये मिल रहा है, लेकिन हरियाणा के सरकारी अस्पतालों में नर्सिंग अलाउंस नहीं मिल रहा। उनकी मांग की है कि सेंटर के हिसाब से 9 हजार रुपये अलाउंस मिले। उन्होंने ये भी बताया कि डेढ़ साल से उन्हें यूनिफॉर्म अलाउंस भी नहीं मिल रहा, जो कि 1150 रुपये मिलता है। वह अलाउंस भी मिले।
उन्होंने बताया कि 6 अक्टूबर को एसीएस के साथ उनकी मांगों को लेकर बैठक हुई थी, जिसमें अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा की तरफ से आश्वासन दिया गया था कि उनकी मांगों पर विचार किया जाएगा और मुख्यमंत्री के समक्ष नर्सिंग ऑफिसर्स पर ये पॉलिसी लागू नहीं करने की सिफारिश करेंगी। प्रधान विनीता बांगड़ ने बताया कि अब दोबारा से एसीएस से मुलाकात की जाएगी। उन्होंने बताया कि उनकी कई और मांगें भी हैं। इनमें ये मुख्य मांगें हैं।