उत्तराखंड के देहरादून में क्लेमेंट टाउन इलाके से एक अनोखा मामला सामने आया है। एक लड़की का iPhone चोरी हो गया। फोन चोरी होने के बाद चोर ने लड़की को मैसेज करके उससे फोन का पासवर्ड मांग लिया। कौशिकी ध्यानी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वीडियो शेयर कर यह बात बताई है। लड़की ने बताया कि उसका फोन 1 महीने पहले यानी 12 सितंबर को चोरी हुआ था।
उसका कहना है कि पुलिस ने मामला दर्ज करने में बहुत ढिलाई बरती है। लड़की के अनुसार, क्लेमेंट टाउन इलाके से उनके फोन के साथ-साथ उनके दोस्त के भाई सक्षम नेगी और अन्य लोगों के भी फोन चोरी हो गए थे। घटना के समय स्क्रीन पर फोन नंबर दिखाई देने की वजह से चोर ने पीड़िता से SMS और व्हाट्सएप के जरिए संपर्क किया। फोन अनलॉक करने के लिए पासवर्ड मांगने लगा।
यह भी पढ़ें: गेयटी में गूंज उठी ‘पिद्दू चिड़ड़ू की कथा’, अभिनय से जीवंत की लेखक की कल्पना
इलाके में हुई चोरी
कौशिकी ने बताया कि 12 सितंबर की सुबह 4 बजे से 8 बजे के बीच चोरों ने एक ही बिल्डिंग के कई फ्लैटों को निशाना बनाया। इस दौरान इलाके के कई घरों, हॉस्टलों और पीजी से लाखों रुपये के लैपटॉप, मैकबुक और कीमती सामान चुराने की घटना हुई थी। इसके बाद भी चोरी का सिलसिला रुका नहीं और करीब 16 अन्य चोरियां दर्ज की गईं। एक अन्य स्थानीय निवासी अमनदीप नेगी ने भी सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर कर बताया कि 16 सितंबर की सुबह क्लेमेंट टाउन लेन नंबर 9A में कुशग्र जायसवाल नाम के व्यक्ति के घर से लाखों का सामान चोरी हो गया।
पुलिस पर उठे सवाल
कौशिकी का आरोप है कि जब वे लोग चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराने थाने पहुंचे तो उन्हें लौटा दिया गया। उनसे कहा गया कि अभी कोई मौजूद नहीं है इसलिए बाद में आने को बोला गया। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि चोरों के मन से पुलिस का डर पूरी तरह खत्म हो चुका है। यही वजह है कि चोरी करने के बाद वे खुलेआम पीड़ितों से ही संपर्क कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें: मनाली में ओडिशा के छात्रों संग मोमो खाते दिखे मंत्री राजेश धर्माणी
मामले पर उठे सवालों के बाद SP सिटी शेखर सुयाल ने कहा कि पुलिस इस मामले की अनदेखी नहीं कर रही है। साथ ही CO स्तर पर इसकी निष्पक्ष जांच की जा रही है। हालांकि, 12 से 16 सितंबर के बीच हुई अन्य चोरियों पर पुलिस की तरफ से कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया गया है।