मध्य प्रदेश के भोपाल में त्विषा शर्मा हत्याकांड की आरोपी गिरिबाला सिंह के घर शनिवार देर रात चोरी हुई है। इस घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर छह अनजान चोरों की तलाश शुरू कर दी है। घर में उस समय रिटायर्ड कर्नल
रणवीर सिंह
यानी गिरिबाला सिंह के भाई मौजूद थे। उन्होंने ही पुलिस को चोरी की शिकायत दी है। यह चोरी भोपाल के कटारा हिल्स इलाके में हुई है।
पुलिस ने बताया कि शनिवार रात करीब दो बजे चोरों ने घर में घुसकर चोरी करने की कोशिश की। घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरे छह चोर दिखाई दिए हैं। इनमें से चार चोर घर के पीछे के रास्ते से पहली मंजिल पर चढ़े थे और दूसरे दो चोर घर के बाहर नीचे खड़े होकर निगरानी कर रहे थे। जिस समय चोर अंदर घुसे उस समय घर में गिरिबाला सिंह के भाई और सेना से रिटायर्ड कर्नल रणवीर सिंह भदौरिया सो रहे थे। जैसे ही उन्हें पता चला कि घर में चोरी हुई है, वैसे ही उन्होंने पुलिस में इसकी शिकायत दी।
यह भी पढ़ें: दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर कार रिवर्स करते समय भीषण हादसा, 4 लोगों की मौत
बता दें कि 12 मई 2026 को इसी घर में 33 साल की त्विषा शर्मा फंदे से लटकी मिली थीं। इस मामले में त्विषा की सास गिरिबाला सिंह और त्विषा के पति समर्थ सिंह आरोपी हैं जो इस समय भोपाल की सेंट्रल जेल में बंद हैं।
सायरन सुनकर भागे चोर
इस मामले की जांच के लिए बनाई गई स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम के प्रमुख रजनीश कश्यप ने बताया कि उस वक्त पुलिस की गाड़ी वहां चक्कर लगा रही थी। गाड़ी का सायरन सुनते ही चोर घबरा गए। वे चोरी का सामान एक थैले में भरकर ले जा रहे थे लेकिन सायरन सुनकर उसे वहीं छोड़ दिए और भाग गए।
यह भी पढ़ें: राम मंदिर चढ़ावा चोरी: आरोपियों के घर पुलिस की छापेमारी में क्या मिला?
पुलिस ने उनका पीछा किया पर वे अंधेरे का फायदा उठाकर निकल गए। बाद में पुलिस को वह थैला मिल गया, जिसमें सोने का हार, चांदी का कुछ सामान और कीमती कपड़े थे। चोरी के बाद आसपास चर्चा होने लगी कि चोर केस से जुड़ी जरूरी फाइलें और सरकारी कागज भी ले गए हैं। इस पर पुलिस अधिकारी रजनीश कश्यप ने बताया कि चोरों ने वहां से कोई भी फाइल या जरूरी कागज नहीं चुराया है।