बिहार के सीवान जिले में नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म और आपत्तिजनक वीडियो वायरल करने के मामले में पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया है। महिला थाना में शिकायत मिलते ही पुलिस ने तीनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के मोबाइल से घटना का वीडियो भी बरामद हो गया है।
पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा ने बताया कि 28 जून को पीड़िता शौच के लिए खेत गई थी। इसी दौरान गांव के ही तीन युवकों ने उसे जबरन उठा लिया और सुनसान जगह पर ले जाकर सामूहिक दुष्कर्म किया। घटना के दौरान आरोपियों ने पीड़िता का अश्लील वीडियो भी बनाया था। बाद वीडियो को आरोपियों ने सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
यह भी पढ़ें: लोन ऐप बनाकर 200 करोड़ डकारा सॉफ्टवेयर इंजीनियर, ब्लैकमेल कर 5 लाख लोगों को ठगा
वीडियो वायरल होने के बाद पीड़ित परिवार महिला थाना पहुंचा और शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर महाराजगंज एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी साक्ष्य और मानवीय सूचना के आधार पर छापेमारी कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
सोशल मीडिया से हटाया गया वीडियो
एसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के मोबाइल फोन की जांच में घटना का आपत्तिजनक वीडियो मिला। पुलिस ने वीडियो को अपने कब्जे में ले लिया और संबंधित सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से वीडियो हटवाने की कार्रवाई की। उन्होंने कहा कि मामले में वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पीड़िता का मेडिकल और बयान भी दर्ज किया गया है। आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
यह भी पढ़ें: ट्रेन की पटरी के ऊपर से काट ले गए बिजली का तार, 3 घंटे ठप रहा पटना-गया रूट
स्पीडी ट्रायल से दिलाई जाएगी सजा
एसपी ने कहा कि यह बेहद गंभीर मामला है। पीड़िता नाबालिग है, इसलिए पोक्सो एक्ट और आईटी एक्ट की धाराएं भी जोड़ी गई हैं। पुलिस अब स्पीडी ट्रायल के माध्यम से दोषियों को जल्द से जल्द कड़ी सजा दिलाने की प्रक्रिया शुरू करेगी। मामले की विवेचना जारी है और फरार अन्य संदिग्धों की भी तलाश की जा रही है। इस घटना के बाद गांव में आक्रोश है। ग्रामीणों ने आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने पीड़ित परिवार को सुरक्षा का भरोसा दिलाया है।