logo

मूड

ट्रेंडिंग:

बाहर से बंद था घर, शार्ट सर्किट से लगी आग; तीन भाई-बहन जिंदा जले

मध्य प्रदेश के सीधी जिले में आग लगने से तीन मासूम भाई-बहनों की जान चली गई। पुलिस का कहना है कि घटना के वक्त माता-पिता घर पर नहीं थे। घर भी बाहर से बंद था। इस कारण बच्चे बाहर नहीं निकल सके।

Madhya Pradesh News

सीधी में आग लगने से तीन मासूमों की गई जान। (Photo Credit: Social Media)

मध्य प्रदेश के सीधी जिले में एक दर्दनाक हादसा हुआ। आग लगने से तीन मासूम भाई-बहनों की जान चली गई। दर्दनाक हादसे के बाद से पूरे गांव में शोक की लहर है। पुलिस ने बताया कि शनिवार को एक कच्चे मकान में भीषण आग लगी। घर बाहर से बंद था। इस कारण मासूम बच्चे बाहर नहीं निकल सके और अंदर ही जलकर मौत हो गई। 

 

पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान रिद्धि साकेत, संध्या साकेत और नागेंद्र साकेत के रूप में हुई। रिद्धि की उम्र महज डेढ़ साल थी। वहीं संध्या छह और नागेंद्र की उम्र तीन बरस थी। घटना पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शोक व्यक्त किया और परिवार को छह-छह लाख रुपये आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया। 

 

यह भी पढ़ें: बांग्लादेश में बढ़ रहा पाकिस्तान का सैन्य दखल, चीन की भी दिलचस्पी; भारत अलर्ट

मां राशन लाने तो पिता मजदूरी करने गया था

पुलिस का कहना है कि घटना जिला मुख्यालय से 10 किलोमीटर दूर जमोड़ी क्षेत्र के कसिहवा गांव की है। जमोड़ी थाना प्रभारी दिव्य प्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि शुरुआती तौर पर आग लगने के पीछे शॉर्ट सर्किट वजह है। कच्चा मकान होने के चलते आग तेजी से फैली। घर बाहर से बंद था। इस कारण बच्चे अंदर ही फंसे रह गए। घटना के वक्त पिता रामरतन साकेत मजदूरी करने सीधी गए थे। वहीं मां राशन लेने गई थी। घटना के बाद से पूरे गांव में शोक की लहर है। पुलिस ने मामला दर्जकर जांच शुरू कर दी है। ग्रामीणों ने दमकल विभाग पर देरी से पहुंचने का आरोप लगाया। 

 

 

घर के ऊपर से निकली है बिजली की लाइन

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक शनिवार की दोपहर घर में आग लगी। दरअसल, घर के ऊपर से बिजली की लाइन गई है। कहा जा रहा है कि स्पार्किंग के बाद घर में आग लग गई। घरवालों ने फोन पर माता-पिता को आग लगने की जानकारी दी। मगर जब तक वहां पहुंचे, काफी देर हो चुकी थी।

 

यह भी पढ़ें: क्या क्यूबा के खिलाफ वेनेजुएला वाली साजिश रच रहा अमेरिका, क्यों बढ़ी टेंशन?

छह-छह लाख रुपये की आर्थिक सहायता देगी सरकार

सीएम डॉ. मोहन यादव ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर लिखा, 'आज सीधी जिले के ग्राम कसिहवा में शॉर्ट सर्किट से हुए हादसे में तीन बच्चों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद व हृदय विदारक है। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगतों को शांति प्रदान करें। मृतकों के परिजन को आर्थिक सहायता हेतु राज्य शासन की ओर से 6-6 लाख रुपये और जिला रेडक्रॉस सोसायटी की ओर से 20-20 रुपये हजार की राशि दी जा रही है।'


और पढ़ें