ग्रेटर नोएडा के सेंचुरियन पार्क ट्रॉपिकल गार्डन सोसाइटी में 21वीं मंजिल से गिरकर एक 31 साल के युवक की मौत हो गई। युवक की पहचान हर्षित लवानिया के रूप में हुई है। हर्षित की शादी साल 2024 में हुई थी। लेकिन पिछले 6 महीने से वह पत्नी के साथ नहीं रह रहा था। पति-पत्नी में किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। वह सोसाइटी के एक फ्लैट में अकेले रहता था। घटना वाले दिन हर्षित की पत्नी उससे मिलने फ्लैट पर पहुंची थी। पत्नी ने दरवाजा खटखटाया, लेकिन हर्षित ने दरवाजा नहीं खोला। बताया जा रहा है कि वह पत्नी के साथ झगड़ा होने के डर से उसके सामने नहीं आना चाहता था।
दरवाजा नहीं खुलने पर हर्षित की पत्नी ने उसे कई बार फोन किया। लेकिन हर्षित ने फोन नहीं उठाया। इसके बाद पत्नी ने सोसाइटी के सुरक्षाकर्मियों को बुलाया और दरवाजा तुड़वाने की कोशिश की। इसी दौरान हर्षित बालकनी के रास्ते नीचे वाले फ्लैट की तरफ उतरकर बाहर निकलने की कोशिश करने लगा। इस दौरान उसका पैर फिसल गया और वह नीचे गिर गया। सोसाइटी के लोग उसे तुरंत अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
यह भी पढ़ें: 6 लाख की योजना के लिए मांगी 60 हजार की घूस, रोजगार सेवक गिरफ्तार
पत्नी से विवाद के कारण तनाव में था युवक
हर्षित के पिता अमिताभ लवानिया और परिवार के दूसरे सदस्य घटना की जानकारी मिलने के बाद अस्पताल पहुंचे थे। परिवार के मुताबिक, पत्नी के साथ चल रहे विवाद के कारण हर्षित मानसिक तनाव में था। वह एक कंपनी में नौकरी करता था और पत्नी से अलग किराये के फ्लैट में रह रहा था।
यह भी पढ़ें: बेंगलुरु पब में IAS ने पुलिस इंस्पेक्टर को जड़ा थप्पड़, गाली दी, FIR दर्ज
CCTV फुटेज की जांच कर रही पुलिस
इस मामले में अब तक कोई पुलिस शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस हर्षित की पत्नी से पूछताछ कर रही है। साथ ही पुलिस सोसाइटी में लगे CCTV कैमरों की फुटेज को भी खंगाली रही है। पुलिस घटना के बारे में सारी जानकारी इकट्ठा करना चाह रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।