उत्तर प्रदेश के जिला गाजियाबाद में यूपी पुलिस आरक्षी भर्ती की शारीरिक दक्षता परीक्षा के दौरान बड़ा हादसा हो गया। गोविंदपुरम स्थित 47वीं वाहिनी पीएसी के मैदान में दौड़ के दौरान दो अभ्यर्थियों की तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। मृतकों में मथुरा के 26 वर्षीय अतुल कुमार और शामली के 23 वर्षीय विवेक कुमार राणा शामिल हैं। मंगलवार को दौड़ के दौरान 12 अन्य अभ्यर्थियों की तबीयत भी बिगड़ी, जिन्हें अस्पताल ले जाना पड़ा। इनमें कुछ को सांस लेने में परेशानी, सीने में दर्द और कमजोरी की शिकायत हुई, जबकि तीन अभ्यर्थियों के पैर में फ्रैक्चर भी मिला।
गोविंदपुरम की 47वीं वाहिनी पीएसी में 3 से 9 अक्टूबर तक पुलिस भर्ती की शारीरिक परीक्षा चल रही है। पुरुष अभ्यर्थियों को 4.8 किलोमीटर की दौड़ तय समय में पूरी करनी है। रोजाना बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों को अलग-अलग बैच में मैदान पर बुलाया जा रहा है।
दौड़ते हुए गिरा अतुल, सफदरजंग में मौत
मथुरा के गांव कारब निवासी अतुल कुमार दौड़ के दौरान अचानक बेहोश होकर गिर पड़े। उन्हें पहले संजय नगर स्थित संयुक्त जिला अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
यह भी पढ़ें: 23 दिन डिजिटल अरेस्ट, ATS का डर और 16 लाख की ठगी, बुजुर्ग को ऐसे बनाया शिकार
छह राउंड के बाद गिरे विवेक, उठकर फिर दौड़े
शामली के गांव पुरमाफी निवासी विवेक कुमार राणा भी मंगलवार को दौड़ के दौरान अचेत होकर गिर पड़े। उनके पिता बालेंद्र राणा के मुताबिक विवेक नौ में से छह राउंड पूरे कर चुका था। गिरने के बाद जब उसे होश आया तो वह बल्ली का सहारा लेकर खड़ा हुआ और फिर दौड़ने लगा, लेकिन कुछ ही देर बाद दोबारा गिर गया। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजन के मुताबिक, विवेक ने गोरखपुर स्पोर्ट्स कॉलेज में वॉलीबाल की ट्रेनिंग ली थी और नियमित अभ्यास करता था। पुलिस भर्ती परीक्षा में उसके 266 अंक आए थे। पिता किसान हैं और बेटे को पुलिस की वर्दी में देखने का सपना था। भर्ती की दौड़ के लिए घर से निकला विवेक अब वापस शव के रूप में लौटा।
यह भी पढ़ें: लखनऊ में बारिश थमी तो नलों से टपकी ‘बीमारी’, बदबूदार पानी से लोग परेशान
दो मौतों के बाद भर्ती व्यवस्था पर उठे सवाल
दो दिनों में दो अभ्यर्थियों की मौत और कई की तबीयत बिगड़ने से भर्ती प्रक्रिया की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े हो गए हैं। कुछ रिपोर्टों में खाली पेट दौड़ने और पर्याप्त पानी नहीं पीने की बात सामने आई है, हालांकि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी।