पंजाब के मोगा में एक दुकान के बाहर 5 युवक बैठे हुए थे। तभी एक काले रंग की स्कॉर्पियो कार दुकान के पास आई और ताबड़तोड़ फायरिंग करने लगी। इस फायरिंग में 2 युवकों की मौत हो गई, जबकि बाकी 3 युवक घायल हो गए, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। यह घटना तब हुई, जब कुछ महीनों बाद पंजाब में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। इस घटना को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेता रवनीत सिंह बिट्टू ने मुख्यमंत्री भगवंत मान पर सवाल उठाए। इसके साथ ही शिरोमणि अकाली दल के नेता विक्रम सिंह मजीठिया ने भी घटना पर लेकर पंजाब सरकार पर सवाल उठाया है।
यह घटना मोगा के अंगदपुरा इलाके में हुई, जहां एक दुकान के बाहर लोग बैठे हुए थे। इस हमले में मरने वाले 2 लोगों की पहचान गगन जिंदल और 40 साल के साहिल जिंदल के रूप में हुई है। बाकी गोलीबारी में घायल लोगों का इलाज चल रहा है। पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, यह गोलीबारी आपसी रंजिश की वजह से हुई थी। हालांकि, इस बात की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुटी हुई है।
यह भी पढ़ें: बिहार के जैन मंदिर में हुई चोरी, 8 ताले तोड़कर चोरों ने 25 हजार रुपये चुराए
सरेआम हुई फायरिंग
दुकान के बाहर अचानक फायरिंग होने की वजह से इलाके में दहशत का माहौल बन गया। फायरिंग के तुरंत बाद आरोपी स्कॉर्पियो से फरार हो गए, जिसके बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। मोगा के एसएसपी सरताज सिंह चहल ने बताया कि इस मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है। इसके लिए घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज देखे गए। जब पुलिस ने पीड़ितों के परिवारों से बात की, तो उन्होंने कुछ लोगों के नाम बताए, जिन पर उन्हें शक है। इसी आधार पर पुलिस ने आशंका जताई है कि यह घटना आपसी रंजिश के चलते हुई थी।
BJP ने CM भगवंत मान पर उठाए सवाल
बीजेपी नेता रवनीत सिंह बिट्टू ने इस घटना को लेकर भगवंत मान सरकार को घेरा है। उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा,'मोगा की गोलीबारी में 2 लोगों की मौत हुई और 2 गंभीर रूप से घायल हैं। यह घटना कथित तौर पर अंगदपुरा मोहल्ले में हुई, जहां स्कॉर्पियो में सवार हथियारबंद लोगों ने कई राउंड फायरिंग की थी। इससे पंजाब में बिगड़ती सुरक्षा स्थिति सामने आ गई। भगवंत मान जी, आपकी सरकार को जमीनी हकीकत समझने में और कितनी गोलीबारी की घटनाएं लगेंगी? अपराधियों के हौसले बढ़ते दिख रहे हैं। आपने पंजाब के लोगों से वादा किया था लेकिन आज लोग अपनी जान और अपने आसपास की व्यवस्था को लेकर परेशान हैं। क्या पंजाब में किसी को कानून का डर है? इस नाकामी के लिए कौन जिम्मेदार है?'
यह भी पढ़ें: सपा बांटने वाली थी 1000 बच्चियों को साइकिल, कार्यक्रम पर चला बुलडोजर एक्शन
इसके साथ ही शिरोमणि अकाली दल के नेता विक्रम सिंह मजीठिया ने भी घटना पर दुख जताया और पंजाब सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने एक्स पोस्ट पर लिखा,'मोगा में गोलियों की फायरिंग से 3 लोगों की बुरी तरह जान चली गई। अंगदपुरा मोहल्ले में स्कॉर्पियो सवार गुंडों ने अंधाधुंध फायरिंग की थी। भगवंत मान, एक दिन तो गिनवा दो जब पंजाब में गोलियां न चली हों। पंजाब में गली-गली गैंगस्टर पैदा कर दिए, हर चौक पर फायरिंग। यही है तुम्हारा पंजाब, जिसका पंजाबियों को सपना दिखाया था?'