logo

मूड

ट्रेंडिंग:

भारत-नेपाल बॉर्डर पर यूक्रेनी महिला गिरफ्तार, नेपाल भागने की कर रही थी कोशिश  

भारत और नेपाल के बॉर्डर पर एक यूक्रेनी महिला को गिरफ्तार किया गया है। अब उस महिला से पूछताछ करके यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि वह किस मकसद से आई थी?

ukraine women

पकड़ी गई यूक्रेनी महिला, Photo Credit: Social Media

शेयर करें

google_follow_us

संबंधित खबरें

Advertisement

बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के हरपुर थाना क्षेत्र से बड़ी खबर सामने आई है। भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पुलिस और सीमा सशस्त्र बल (SSB) की संयुक्त टीम ने यूक्रेन की एक महिला नागरिक को गिरफ्तार किया है। महिला पर बिना वैध पासपोर्ट, वीजा और आव्रजन दस्तावेजों के भारत में अवैध रूप से रहने और हरपुर बॉर्डर के रास्ते चुपके से नेपाल भागने का आरोप है। सुरक्षा एजेंसियां अब इस बात की जांच कर रही हैं कि महिला भारत कब और कैसे आई, यहां कहां-कहां रुकी और नेपाल जाने का असली मकसद क्या था।

 

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे सैनिक रोड के पास सुरक्षा बलों की ओर से संयुक्त विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एसएसबी और पुलिस की नजर एक संदिग्ध विदेशी महिला पर पड़ी। महिला सीमा पार करने की फिराक में थी। सुरक्षाकर्मियों ने महिला को रोककर पूछताछ शुरू की। उससे भारत में रहने और सीमा पार करने से जुड़े जरूरी दस्तावेज मांगे गए लेकिन महिला कोई भी वैध कागजात पेश नहीं कर सकी। इसके बाद उसे तुरंत हिरासत में ले लिया गया।

महिला के पास नहीं मिले दस्तावेज  

गिरफ्तारी के बाद महिला की पहचान और सामानों की जांच की गई। जांच में उसके पास से भारत में वैध तरीके से रहने या यात्रा करने से संबंधित कोई दस्तावेज नहीं मिला। न पासपोर्ट, न वीजा और न ही कोई आव्रजन कागज। इसके बाद विधिवत कार्रवाई करते हुए महिला को गिरफ्तार कर लिया गया। उसे हरपुर थाना लाकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू की गई।

 

यह भी पढ़ें: 7 महीने में सिर्फ 17 केस निपटाए, बिहार के SDPO पर गिरेगी गाज?

 

गिरफ्तार महिला से अभी खुफिया एजेंसियां, एसएसबी और पुलिस की संयुक्त टीम पूछताछ कर रही है। शुरुआती पूछताछ में महिला सही से जवाब नहीं दे पा रही है। भाषा की दिक्कत के कारण दुभाषिए की मदद ली जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि महिला भारत में किस रास्ते से दाखिल हुई। क्या वह किसी एजेंट के जरिए आई थी या फिर किसी और तरीके से। वह भारत में कहां-कहां रुकी, किससे मिली और उसका ठिकाना कहां था, इन सभी बिंदुओं पर जांच हो रही है।

नेपाल जाने का मकसद संदिग्ध

सुरक्षा एजेंसियों के लिए सबसे बड़ा सवाल यह है कि महिला बिना कागजात के नेपाल क्यों जाना चाहती थी? क्या इसका संबंध किसी तस्करी, मानव तस्करी या अन्य अवैध गतिविधि से है? इसी एंगल पर भी जांच की जा रही है। हरपुर बॉर्डर संवेदनशील इलाका माना जाता है। यहां से अक्सर बिना जांच के लोगों का आना-जाना होता रहता है। ऐसे में इस गिरफ्तारी को सुरक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

 

इस घटना के बाद हरपुर और आसपास के सीमा क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। एसएसबी और पुलिस की संयुक्त गश्त तेज कर दी गई है। सैनिक रोड और अन्य संवेदनशील पॉइंट्स पर अतिरिक्त जवान तैनात किए गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय सीमा पर किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जा रही है। बिना वैध दस्तावेज के आने-जाने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।

 

यह भी पढ़ें: कंबोडिया भेजने वाले मानव तस्करी गिरोह पर NIA  का शिकंजा, समझिए पूरा मामला

 

पुलिस ने इस मामले की सूचना विदेश मंत्रालय और यूक्रेन दूतावास को भी दे दी है। दूतावास से संपर्क कर महिला की पहचान और उसके बैकग्राउंड की पुष्टि की जा रही है। कानून विशेषज्ञों के अनुसार बिना वैध दस्तावेज भारत में रहना और सीमा पार करने की कोशिश करना पासपोर्ट अधिनियम और विदेशी नागरिक अधिनियम का उल्लंघन है। इसमें जेल और जुर्माने का प्रावधान है।

 

इसकी जानकारी देते हुए एसपी स्वर्ण प्रभात ने कहा, 'भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी और पुलिस की संयुक्त टीम ने एक यूक्रेनी महिला को गिरफ्तार किया है। वह बिना किसी वैध दस्तावेज के भारत में रह रही थी और नेपाल भागने का प्रयास कर रही थी। महिला के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। विभिन्न सुरक्षा एजेंसियां उससे पूछताछ कर रही हैं। हम यह पता लगा रहे हैं कि वह भारत कब आई, यहां कहां-कहां ठहरी और नेपाल जाने का उद्देश्य क्या था। सभी पहलुओं की गहनता से जांच हो रही है।'

Related Topic:#bihar news

और पढ़ें