कर्नाटक राज्य के बेंगलुरु साउथ जिला में आने वाले रामनगर में साइबर कमांड सेंटर की टीम ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। इन पर आरोप है कि इन्होंने 11 और 12 साल की दो नाबालिग लड़कियों का यौन शोषण किया उसका वीडियो बनाया और जल्दी पैसा कमाने के लिए उसे सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। पुलिस ने इन दोनों को पकड़ लिया है।
इस मामले में पकड़े गए आरोपियों में से 29 साल का किरण कुमार नायक कागगलिपुरा के पास कैदल्लीपाल्या का रहने वाला है और वह पशु चराने का काम करता है। दूसरा आरोपी 20 साल का आदित्य एमके है जो चन्नापटना में स्विमिंग पूल मेंटेनेंस स्टाफ यानी असिस्टेंट के तौर पर काम करता है। पुलिस के साइबर कमांड सेंटर के जासूसों ने इन दोनों के पास से 3 मोबाइल फोन जब्त किए हैं जिनसे इन लड़कियों के वीडियो बनाए गए थे।
यह भी पढ़ें: बेटों का था सेना में भर्ती होने का सपना, सड़क हादसे में ऑटो चालक पिता की मौत
एक साल तक हुआ शोषण
ये दोनों पीड़ित लड़कियां एक किसान परिवार से हैं जिनकी मां की मौत कई साल पहले हो गई थी। इनके पिता शराब के आदी थे और वह भी दो साल पहले गुजर चुके थे। माता-पिता की मौत के बाद से ये बच्चियां अपने सगे चाचा के साथ रह रही थीं। पुलिस के मुताबिक मुख्य आरोपी किरण कुमार नायक इन लड़कियों के चाचा का बहुत करीबी है। चाचा ने किरण और उसके साथी से कुछ रुपये लिए और अपनी दोनों नाबालिग भतीजियों को उनके हवाले कर दिया। इसके बाद दोनों आरोपी लड़कियों को अपने साथ ले गए और पिछले एक साल से उनका लगातार यौन शोषण करते रहे।
यह भी पढ़ें: डीजल-पेट्रोल और CNG के दाम बढ़े, अब दिल्ली में हाइड्रोजन से चलेगी बस
साइबर सेल का अलर्ट
इस पूरे मामले का खुलासा तब हुआ जब नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल यानी एनसीआरपी से साइबर कमांड सेंटर को एक अलर्ट मिला। अलर्ट मिलते ही साइबर कमांड सेंटर तुरंत एक्शन में आई और दोनों आरोपियों को ढूंढकर गिरफ्तार कर लिया। साइबर कमांड सेंटर के डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस प्रणब मोहंती ने बताया कि इस पूरे मामले की एफआईआर कागगलिपुरा पुलिस स्टेशन में दर्ज की गई है। पुलिस ने दोनों पीड़ित लड़कियों के कानूनी बयान भी पूरी तरह से दर्ज कर लिए हैं। वहीं दूसरी तरफ लड़कियों के चाचा जिसने रुपये लेकर उन्हें आरोपियों को सौंपा था वह अभी तक फरार है और पुलिस उसे तलाश रही है।