माफिया अतीक अहमद के आर्थिक साम्राज्य पर उत्तर प्रदेश सरकार ने एक और बड़ा प्रहार किया है। गैंगस्टर एक्ट के तहत अतीक अहमद, उसके भाई अशरफ उर्फ खालिद अजीम और पत्नी शाइस्ता परवीन की करीब 345 करोड़ रुपये मूल्य की 18 चल एवं अचल संपत्तियां जब्त कर ली गई हैं। कार्रवाई प्रयागराज, कौशांबी और लखनऊ तक फैली है। अब इन संपत्तियों की सुरक्षा, रखरखाव और निगरानी के लिए प्रयागराज के जिलाधिकारी ने उच्चस्तरीय समिति का गठन किया है।
गैंगस्टर एक्ट के तहत की गई इस कार्रवाई में प्रशासन ने प्रयागराज, कौशांबी और लखनऊ में स्थित अतीक परिवार की संपत्तियों को जब्त किया है। इनमें मकान, व्यावसायिक और आवासीय भूखंड, कृषि भूमि, बैंक खातों में जमा धनराशि और वाहन शामिल हैं। यह कार्रवाई माफिया नेटवर्क की आर्थिक कमर तोड़ने की दिशा में अहम मानी जा रही है।
प्रशासन ने लखनऊ के गोमतीनगर और शेखपुर क्षेत्र में स्थित अचल संपत्तियों को भी जब्ती की कार्रवाई में शामिल किया है। इसके अलावा विभिन्न बैंकों में मौजूद 13 बैंक खातों को सीज कर दिया गया है। इन खातों में जमा धनराशि पर भी अब प्रशासन का नियंत्रण रहेगा।
प्रयागराज में सबसे ज्यादा संपत्तियां जब्त
प्रयागराज के चकिया, करेली, झूंसी, धूमनगंज, कसारी मसारी, देवघाट, सरेयां, रहीमाबाद, अकबरपुर, मिर्जापुर और होलागढ़ सहित कई इलाकों में स्थित अतीक परिवार की संपत्तियों को जब्ती की कार्रवाई में शामिल किया गया है। इनमें कई ऐसी संपत्तियां हैं जिनकी कीमत करोड़ों रुपये आंकी गई है।
यह भी पढ़ें: UP में EV क्रांति, 238 नए चार्जिंग स्टेशन बनेंगे, हर जगह मिलेगी सुविधा
अतीक ही नहीं, अशरफ और शाइस्ता पर भी कार्रवाई
कार्रवाई केवल अतीक अहमद तक सीमित नहीं रही। उसकी पत्नी शाइस्ता परवीन के नाम दर्ज संपत्तियों और भाई अशरफ उर्फ खालिद अजीम के नाम दर्ज वाहन समेत अन्य संपत्तियों को भी जब्त किया गया है। प्रशासन का कहना है कि अपराध से अर्जित संपत्ति पर लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
संपत्तियों की निगरानी करेगी हाई लेवल कमेटी
जब्त की गई संपत्तियों की सुरक्षा और संरक्षण के लिए प्रयागराज के जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) हर्षिका सिंह की अध्यक्षता में एक समिति गठित की है। समिति में प्रयागराज विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष, एडीएम (एफआर), एडीएम नजूल समेत कई विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों को शामिल किया गया है। यह समिति संपत्तियों का नियमित निरीक्षण, रखरखाव और आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई सुनिश्चित करेगी।
यह भी पढ़ें: शामली: पिता-सौतेली मां ने बेटी की हत्या की, शव को फंदे से लटकाया
माफिया की आर्थिक जड़ों पर लगातार वार
उत्तर प्रदेश में माफिया और अपराधियों के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत अतीक अहमद के नेटवर्क पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इससे पहले भी उसकी अरबों रुपये की संपत्तियों पर बुलडोजर, कुर्की और जब्ती की कार्रवाई हो चुकी है। ताजा कार्रवाई को अतीक परिवार के आर्थिक नेटवर्क पर एक और बड़ा प्रहार माना जा रहा है।