उत्तर प्रदेश के जिला लखनऊ में पबजी गेम खेलते-खेलते शुरू हुई दोस्ती प्यार में बदल गई। पुलिस के मुताबिक, बांग्लादेश के चटगांव निवासी 28 वर्षीय मोहम्मद सज्जाद हुसैन वर्ष 2023 में टूरिस्ट वीजा पर लखनऊ आया था। यहां उसकी पहले से पहचान एक महिला से थी, जिससे वह वर्ष 2018 से पबजी खेलते समय बातचीत करता था। दोनों की दोस्ती धीरे-धीरे नजदीकी में बदल गई और सज्जाद ने महिला से कोर्ट मैरिज कर ली। आरोप है कि वीजा की अवधि खत्म होने के बाद भी वह लखनऊ में रह रहा था। इतना ही नहीं, उसने फर्जी दस्तावेजों के जरिए भारतीय पहचान भी तैयार करा ली। पुलिस ने सज्जाद के साथ फर्जी दस्तावेज तैयार कराने में मदद करने वाले जनसेवा केंद्र संचालक मोहम्मद तलहा को भी गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, सज्जाद की वर्ष 2018 में पबजी गेम खेलने के दौरान लखनऊ की महिला से पहचान हुई थी। दोनों अक्सर साथ में गेम खेलते थे। गेम के दौरान बातचीत बढ़ी तो दोनों वॉट्सऐप कॉल और चैट के जरिए भी संपर्क में रहने लगे। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गईं। महिला से मिलने के लिए सज्जाद भारत आया और बाद में दोनों ने कोर्ट मैरिज कर ली। इसके बाद वह लखनऊ के भदेवा इलाके में महिला के साथ रहने लगा।
टूरिस्ट वीजा पर आया था लखनऊ
पूछताछ में सज्जाद ने पुलिस को बताया कि वह बांग्लादेश के चटगांव के हथाजरल रहीमपुर का रहने वाला है। उसके पिता अब्दुल कादिर सऊदी अरब में कारोबार करते हैं और सज्जाद भी उनके कारोबार में हाथ बंटाता था। पुलिस के अनुसार, वर्ष 2023 में वह सऊदी अरब से टूरिस्ट वीजा पर लखनऊ आया था। आरोप है कि वीजा की अवधि खत्म होने के बाद भी वह यहां रह रहा था।
यह भी पढ़ें: BJP का झंडा उतारा, अखिलेश से मिले; अब सपा से चुनाव लड़ेंगे संजयन
फर्जी दस्तावेज से बनाई भारतीय पहचान
भारत में रहने और बैंक खाता खुलवाने के लिए सज्जाद ने भदेवा निवासी जनसेवा केंद्र संचालक मोहम्मद तलहा से संपर्क किया। आरोप है कि तलहा ने फर्जी जन्म प्रमाणपत्र और निवास प्रमाणपत्र तैयार कराए। इन्हीं दस्तावेजों के आधार पर सज्जाद का आधार कार्ड बनवाया गया। इसके बाद आधार के जरिए पैन कार्ड और वोटर आईडी भी तैयार कराई गई। इन्हीं दस्तावेजों का इस्तेमाल कर उसने बैंक खाता और मोबाइल सिम भी हासिल कर लिया।
15 हजार रुपये लेकर तैयार किए दस्तावेज
पुलिस के मुताबिक, फर्जी दस्तावेज तैयार कराने के लिए सज्जाद ने तलहा को अलग-अलग किस्तों में करीब 15 हजार रुपये दिए थे। पुलिस का आरोप है कि तलहा ने इन दस्तावेजों को तैयार कराने में उसकी मदद की। पुलिस ने सज्जाद के पास से दो बांग्लादेशी पासपोर्ट, फर्जी आधार कार्ड, पैन कार्ड और वोटर आईडी के अलावा दो मोबाइल फोन और अन्य दस्तावेज बरामद किए हैं।
यह भी पढ़ें: 'अयोध्या-काशी तो झांकी है, मथुरा बाकी है’, अखिलेश को धर्म संसद का मिला न्योता
खुफिया सूचना के बाद हुई गिरफ्तारी
थाना बाजारखाला के इंचार्ज सुधीर अवस्थी के मुताबिक, पुलिस को खुफिया सूचना मिली थी कि भदेवा स्थित नसीरुल्ला अपार्टमेंट में एक बांग्लादेशी युवक महिला के साथ रह रहा है। सूचना के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और दस्तावेजों की पड़ताल की।जांच के बाद पुलिस ने सज्जाद हुसैन को गिरफ्तार कर लिया। फर्जी दस्तावेज तैयार कराने के आरोप में जनसेवा केंद्र संचालक मोहम्मद तलहा को भी पकड़ा गया है। दोनों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक, मामले में खुफिया एजेंसी ने भी दोनों से पूछताछ की है।