उत्तर प्रदेश के हरदोई में लगातार बारिश से परेशान एक व्यक्ति ने भगवान इंद्र के खिलाफ जन शिकायत पोर्टल पर शिकायत दर्ज करा दी। मल्लावां ब्लॉक के नेवादा परस गांव निवासी सूरज तिवारी ने अपनी शिकायत में इंद्रदेव पर बिना किसी सूचना के लगातार बारिश कराने का आरोप लगाया। उन्होंने प्रशासन से अपील की कि अधिकारी अपने दिव्य संपर्क के जरिए इंद्रदेव से बात कर बारिश रोकने के लिए जरूरी निर्देश दें।
सूजर तिवारी ने 26 सितंबर को दर्ज शिकायत में कहा कि कभी तेज तो कभी धीमी बारिश हो रही है, जिससे लोगों का सामान्य जीवन प्रभावित हो रहा है। सड़कों, गलियों और निचले इलाकों में पानी भरने के कारण लोगों को घरों से निकलने में परेशानी हो रही है। उन्होंने कहा कि लगातार बारिश से किसानों को फसलों के नुकसान की भी चिंता सता रही है।
यह भी पढ़ें: कीट नियंत्रण के लिए किसानों को मिलेगा 75% तक अनुदान, ऐसे मिलेगा योजना का लाभ
शिकायतकर्ता ने अपनी शिकायत में क्या कहा?
सूजर तिवारी ने अपनी शिकायत जिलाधिकारी को संबोधित करते हुए कहा कि उन्हें इंद्रदेव का मोबाइल नंबर नहीं पता है। ऐसे में उन्होंने DM से अनुरोध किया कि वह अपने दिव्य माध्यम से इंद्रदेव तक संदेश पहुंचाएं और बारिश को नियंत्रित करने के लिए जरूरी कदम उठाएं।
न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबकि, तिवारी ने कहा, 'मुझे इंद्रदेव का मोबाइल नंबर नहीं पता है। इसलिए मैं जिलाधिकारी से अनुरोध करता हूं कि वह इस मामले को गंभीरता से लें और अपने दिव्य संपर्क के जरिए इंद्रदेव को जरूरी निर्देश दें, ताकि बारिश को तुरंत रोका जा सके और जिले के लोगों को राहत मिल सके।'
यह भी पढ़ें: कसाई ने आंध्र प्रदेश की महिला का गला रेता, पुलिस ने किया गिरफ्तार
हरदोई में 7 लोगों की मौत
प्रशासन के मुताबिक, 25 से 27 सितंबर के बीच हरदोई में भारी बारिश, सर्पदंश और बारिश से जुड़ी दूसरी घटनाओं में सात लोगों की मौत हो गई, जबकि सात लोग घायल हुए। इस दौरान 30 मवेशियों की भी मौत हुई और 330 मकानों को नुकसान पहुंचा। संडीला तहसील सबसे ज्यादा प्रभावित रही। यहां दो लोगों की मौत हुई, छह लोग घायल हुए और 87 मकान क्षतिग्रस्त हो गए। अपर जिलाधिकारी दीपली भार्गव ने बताया कि इनमें पांच लोगों की मौत भारी बारिश की वजह से और दो की सर्पदंश से हुई।