logo

मूड

ट्रेंडिंग:

बहाल हुए IPS जसवीर सिंह, 2019 में पुलिस व्यवस्था पर सवाल उठाने पर हुए थे सस्पेंड

UP पुलिस के चर्चित आईपीएस जसवीर सिंह की आठ साल बाद बहाली हो गई है। साल 2019 में पुलिस व्यवस्था, राजनीतिक हस्तक्षेप, एनकाउंटर की कार्यशैली पर सवाल उठाने पर उनको निलंबित कर किया गया था।

IPS Jasvir Singh

आईपीएस जसवीर सिंह, Photo Credit : Social Media

शेयर करें

google_follow_us

संबंधित खबरें

Advertisement

उत्तर प्रदेश पुलिस के चर्चित आईपीएस अधिकारी जसवीर सिंह की करीब आठ साल बाद बहाली हो गई है। साल 2019 में एक इंटरव्यू के दौरान पुलिस व्यवस्था, राजनीतिक हस्तक्षेप और एनकाउंटर की कार्यशैली पर सवाल उठाने के बाद उन्हें निलंबित कर दिया गया था। पंजाब के होशियारपुर के रहने वाले जसवीर सिंह यूपी कैडर के 1992 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। उनका पुलिस करियर कई चर्चित कार्रवाई, राजनीतिक हस्तियों के खिलाफ कदम और विभागीय विवादों के चलते सुर्खियों में रहा है।

 

जसवीर सिंह को 14 फरवरी 2019 को निलंबित किया गया था। उस समय वह अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) रूल्स एंड मैनुअल के पद पर तैनात थे। एक न्यूज पोर्टल को दिए इंटरव्यू में उन्होंने पुलिस की कार्यशैली, शासन के दबाव और अधिकारियों की तैनाती को लेकर सवाल उठाए थे। उन्होंने पुलिस एनकाउंटर को सामान्य व्यवस्था बनाए जाने पर भी आपत्ति जताई थी। उनके बयानों को सेवा आचरण नियमों के खिलाफ माना गया। इसके साथ ही बिना सक्षम अधिकारी की मंजूरी के ड्यूटी से अनुपस्थित रहने का आरोप भी लगा था।

पुलिस और राजनीतिक व्यवस्था पर उठाए थे सवाल

जसवीर सिंह ने इंटरव्यू में पुलिस व्यवस्था में राजनीतिक हस्तक्षेप और अधिकारियों से राजनीतिक लोगों के प्रति वफादारी की अपेक्षा पर सवाल उठाए थे। उन्होंने पुलिस एनकाउंटर की कार्यशैली पर भी अपनी असहमति जाहिर की थी। उनका कहना था कि पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को संवैधानिक व्यवस्था के अनुरूप काम करना चाहिए, न कि राजनीतिक दबाव में। इंटरव्यू सामने आने के बाद शासन ने उनसे जवाब मांगा और 14 फरवरी 2019 को निलंबन की कार्रवाई की गई।

 

यह भी पढ़ें: बलरामपुर में चाय पीने निकले 5 दोस्तों की मौत, रात का सफर बना काल; 2 गंभीर घायल

योगी आदित्यनाथ के खिलाफ कार्रवाई से भी चर्चा में आए

जसवीर सिंह वर्ष 2002 में महाराजगंज के पुलिस अधीक्षक रहते हुए तत्कालीन गोरखपुर सांसद योगी आदित्यनाथ के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) लगाने की कार्रवाई शुरू करने को लेकर चर्चा में आए थे। यह मामला निषेधाज्ञा उल्लंघन से जुड़ा था। उस समय योगी आदित्यनाथ गोरखपुर से सांसद थे। जसवीर सिंह की इस कार्रवाई के बाद उनका तबादला भी हुआ था। इस प्रकरण ने उन्हें प्रदेश की पुलिस और राजनीतिक हलकों में चर्चित अधिकारी बना दिया था।

खाद्यान्न घोटाले में राजा भैया पर लगाए थे आरोप

वर्ष 2003 में यूपी पुलिस की फूड सेल में तैनाती के दौरान जसवीर सिंह ने लखीमपुर खीरी और सीतापुर से जुड़े करोड़ों रुपये के खाद्यान्न घोटाले की जांच शुरू की थी। इस मामले में तत्कालीन मंत्री रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया का नाम भी आरोपों के बीच सामने आया था। खाद्यान्न घोटाले से जुड़े मामले की जांच बाद में सीबीआई को सौंप दी गई थी। राजनीतिक रूप से चर्चित लोगों के खिलाफ कार्रवाई और जांच शुरू करने के कारण जसवीर सिंह कई बार सुर्खियों में रहे।

एसपी से लेकर एडीजी तक संभाली जिम्मेदारी

जसवीर सिंह उत्तर प्रदेश पुलिस में अपने सेवाकाल के दौरान कई महत्वपूर्ण पदों पर तैनात रहे। उन्होंने सहायक पुलिस अधीक्षक (एएसपी) के तौर पर सेवा शुरू की। इसके बाद एसपी सिटी, पुलिस अधीक्षक, एसपी ऑपरेशन, कमांडेंट, डीआईजी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी), आईजी और एडीजी/आईजी स्तर की जिम्मेदारियां संभालीं। वर्ष 2017 में उन्हें एडीजी पद पर पदोन्नति मिली। निलंबन से पहले वह एडीजी रूल्स एंड मैनुअल के पद पर तैनात थे।

पंजाब के होशियारपुर से है संबंध

जसवीर सिंह मूल रूप से पंजाब के होशियारपुर के रहने वाले हैं। उन्होंने सिविल इंजीनियरिंग में पढ़ाई की है और यूपी कैडर में आईपीएस अधिकारी के तौर पर सेवा दी। 1992 बैच के अधिकारी जसवीर सिंह का पुलिस करियर करीब तीन दशक से अधिक समय का रहा है। इस दौरान वह फील्ड पोस्टिंग से लेकर पुलिस मुख्यालय और विभिन्न विभागों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों पर रहे।

 

यह भी पढ़ें: शामली में सिलेंडर ब्लास्ट से उजड़ा परिवार, मां और दो बेटियों की जिंदा जलकर मौत

करीब आठ साल बाद निलंबन समाप्त

14 फरवरी 2019 से निलंबित चल रहे जसवीर सिंह की बहाली उनके लंबे विभागीय विवाद के बाद हुई है। करीब आठ साल तक निलंबन में रहने के दौरान उनका मामला पुलिस विभाग और प्रशासनिक हलकों में चर्चा में रहा। अब बहाली के साथ उनकी सेवा से जुड़ा यह लंबा प्रकरण फिर सुर्खियों में है। जसवीर सिंह की कहानी पुलिस विभाग में राजनीतिक हस्तक्षेप, अधिकारियों की कार्यशैली, विभागीय कार्रवाई और लंबे निलंबन जैसे कई सवालों को एक बार फिर चर्चा में ले आई है।

Related Topic:#UP News

और पढ़ें