logo

मूड

ट्रेंडिंग:

एक दिन में 23 लीटर दूध, UP की नंबर-1 भैंस गार्गी, 20 लाख कीमत पर भी नहीं बेची

उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले की गार्गी भैंस प्रदेश में सबसे ज्यादा दूध देने वाली भैंस बन गई है। गार्गी ने 23 लीटर से ज्यादा दूध देकर रिकॉर्ड बनाया।

Buffalo Gargi

गार्गी भैंस, Photo Credit: Social Media

उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले की एक मुर्रा नस्ल की भैंस गार्गी इन दिनों सुर्खियों में है। इस भैंस ने एक दिन में 23 लीटर से ज्यादा दूध देकर पूरे प्रदेश में पहला नंबर हासिल किया है। इस भैंस की 20 लाख से ज्यादा कीमत लग चुकी है लेकिन इसका मालिक अभी भी इस भैंस को बेचने के लिए तैयार नहीं है। इस भैंस को देखने अब दूर-दूर के गांव से लोग पहुंच रहे हैं। परे पशुपालक, कृषि और डेयरी क्षेत्र से जुड़े लोगों में इस भैंस को लेकर काफी उत्साह देखने को मिल रहा है। 

 

यह भैंस सहारनपुर जिले के  मोहम्मदपुर गांव के शेखर चौहान की है। गार्गी ने एक दिन में 23.375 लीटर दूध देकर रिकॉर्ड बनाया है। उत्तर प्रदेश कृषि एवं पशुपालन संघ के पदाधिकारियों और पशु चिकित्सा विशेषज्ञों ने गांव पहुंचकर ट्रॉफी देकर भैंस के मालिक को सम्मानित किया। इस सम्मान से गांव में जश्न का माहौल है। 

 

यह भी पढ़ें: NCR में Uber-Ola को चलानी होंगी सिर्फ EV और CNG गाड़ियां, हरियाणा सरकार का एलान

 

दिसंबर में हुई थी प्रतियोगिता

रिपोर्ट्स के मुताबिक दिसंबर के अंतिम सप्ताह में लखनऊ की टीम ने लाइव टेलीकास्ट के जरिए गार्गी की दूध देने की क्षमता का टेस्ट किया था। हाल ही में जारी परिणामों में गार्गी ने पूरे प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया। दूसरे स्थान की भैंस ने 21.700 लीटर और तीसरे स्थान की भैंस ने 21.200 लीटर दूध दिया। गार्गी इस प्रतियोगिता में पहले स्थान पर रही। 

4 साल की उम्र और शानदार कद-काठी

गार्गी के मालिक शेखर चौहान  ने बताया कि गार्गी मुर्रा नस्ल की भैंस है और उसकी उम्र करीब चार साल है। गर्गी की कद काठी बेहद ही खास है। उसकी ऊंचाई लगभग साढ़े पांच फीट बताई जा रही है। शेखर के मुताबिक गार्गी की इस सफलता के पीछे कई सालों की मेहनत और देखभाल छिपी हुई है। उन्होंने बताया कि उनका परिवार पशुओं को खरीदकर तैयार नहीं करता, बल्कि खुद मेहनत करके नस्ल को बेहतर बनाता है। इस काम में उनके पिता विक्रम सिंह पिछले करीब 15 सालों से जुटे हुए हैं।

 

यह भी पढ़ें: 15 राज्यों में आएगा बवंडर, दिल्ली-UP समेत कई राज्यों में गर्मी तोड़ेगी रिकॉर्ड

परिवार ने क्या बताया?

चौधरी विक्रम सिंह पिछले 15 सालों से भैंसों की नस्ल पर काम कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि उन्होंने 8-9 किलो दूध देने वाली भैंसों से शुरुआत की थी और लगातार ब्रीडिंग पर काम करते हुए आज यह मुकाम हासिल किया है। उन्होंने कहा कि गार्गी का साइज बेहद दुर्लभ है और उन्होंने अब तक 100 से ज्यादा पशु प्रदर्शनियों में हिस्सा लिया है लेकिन उन्हें ऐसा आकार कहीं देखने को नहीं मिला। 

 

गार्गी पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है। दूर-दूर से लोग उनकी भैंस को देखने आ रहे हैं। विक्रम सिंह ने बताया कि गार्गी को खरीदने के लिए भी लोग आ रहे हैं और अब तक कुछ लोग इसकी कीमत 20 लाख तक लगा चुके हैं लेकिन परिवार इसे बेचने के लिए तैयार नहीं है। चौधरी विक्रम सिंह ने कहा कि वह गार्गी के बच्चे दे सकते हैं लेकिन गार्गी नहीं। वह हमेशा उनके परिवार का हिस्सा रहेगी। 

Related Topic:#Uttar Pradesh

और पढ़ें