उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले के परतावल में एक इलेक्ट्रिक वाहन शोरूम में आग लग गई। यह घटना गुरुवार शाम करीब 7 बजे अज्ञात कारणों से भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरे शोरूम को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में शोरूम में खड़ी 26 इलेक्ट्रिक स्कूटी, 7 ई-रिक्शा और 20 बैटरियां जलकर पूरी तरह खाक हो गईं। आग की लपटों के बीच शोरूम में रखा एक गैस सिलेंडर भी तेज धमाके के साथ फट गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी और दहशत फैल गई।
जानकारी के अनुसार, आनंदनगर के पोखरभिंडा चौराहा निवासी शंभू जायसवाल का परतावल में 'मां दुर्गा ऑटो' नाम से इलेक्ट्रिक वाहनों का शोरूम है। गुरुवार शाम करीब सात बजे जब कर्मचारी शोरूम में रोजमर्रा के काम में व्यस्त थे, तभी अचानक धुआं और आग की लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। शोरूम से उठती ऊंची लपटों और धुएं के गुबार को देखकर आसपास के दुकानदार और राहगीर घबरा गए।
यह भी पढ़ें: कौन हैं वर्धमान जैन जिन्होंने तिरुमाला मंदिर में चढ़ाए 206 करोड़ के 46 गहने?
सिलेंडर विस्फोट से बढ़ी दहशत
आग की भयावहता को देखते हुए स्थानीय लोगों और पड़ोसी दुकानदारों ने अपनी जान जोखिम में डालकर अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया, लेकिन लपटें लगातार बेकाबू होती गईं। इसी दौरान शोरूम के भीतर रखे एक सिलेंडर में जोरदार विस्फोट हो गया, जिससे बचाव कार्य में जुटे लोगों में हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना मिलने के करीब एक घंटे बाद दमकल की पहली गाड़ी मौके पर पहुंची। आग की गंभीरता को देखते हुए मौके पर दूसरी दमकल गाड़ी भी बुलानी पड़ी। दमकलकर्मियों और स्थानीय लोगों की घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद किसी तरह आग पर काबू पाया जा सका।
यह भी पढ़ें: बिहार पुलिस ने घेरकर दबोचे 8 अपराधी, हथियार और विदेशी शराब हुआ बरामद
20 लाख के नुकसान की आशंका
आग बुझाने के प्रयास के दौरान बगल में बाइक मरम्मत की दुकान चलाने वाले विनोद पासवान हल्की रूप से झुलस कर घायल हो गए। इस अग्निकांड में शोरूम में रखे सभी दोपहिया, ई-रिक्शा और बैटरियां पूरी तरह नष्ट हो गई हैं। प्रारंभिक तौर पर इस हादसे में करीब 20 लाख रुपये के नुकसान की चर्चा है, हालांकि वास्तविक क्षति का आकलन होना अभी बाकी है। फिलहाल, आग लगने के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल सका है।