बिहार के समस्तीपुर जिले में अपराधियों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में रोसड़ा थाना क्षेत्र में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने छापेमारी कर 8 अपराधकर्मियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अपराधियों के पास से अवैध हथियार, कारतूस, विदेशी शराब और विदेशी मुद्रा बरामद की गई। पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में अपराध नियंत्रण की दिशा में सफलता माना जा रहा है। पुलिस अब गिरफ्तार अपराधियों से पूछताछ कर उनके नेटवर्क का पता लगा रही है।
पुलिस को 22 नवंबर को गुप्त सूचना मिली थी, जानकारी के मुताबिक, रोसड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम बधिया टोल स्थित अमित कुमार के दलान में कुछ अपराधकर्मी किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे थे। सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई। पुलिस ने बिना देर किए टीम गठित की और दलान की घेराबंदी कर छापेमारी की। पुलिस को देखते ही अपराधियों में हड़कंप मच गया। भागने की कोशिश भी की गई, तब भी पुलिस ने चारों तरफ से घेरकर मौके से कुल आठ अपराधकर्मियों को गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि सभी अपराधी किसी लूट या अन्य बड़ी वारदात की प्लानिंग कर रहे थे। पुलिस की तत्परता से बड़ी वारदात टल गई।
यह भी पढ़ें: असदुद्दीन ओवैसी को दिया गार्ड ऑफ ऑनर, वीडियो वायरल होने पर CO को पद से हटाया
तलाशी में मिला हथियार और विदेशी करेंसी
गिरफ्तारी के बाद जब पुलिस ने आरोपियों की तलाशी ली, वहां से अवैध हथियार, जिंदा कारतूस, विदेशी शराब और विदेशी मुद्रा बरामद हुई। पुलिस ने सभी बरामद सामान को जब्त कर लिया है। बरामद हथियार कहां से लाए गए थे, कारतूस किस काम के लिए रखे गए थे और विदेशी मुद्रा का क्या कनेक्शन है, इन सभी बातों पर पुलिस जांच कर रही है। विदेशी शराब और विदेशी मुद्रा की बरामदगी ने मामले को और गंभीर बना दिया है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि क्या इन अपराधियों का तार अंतरराज्यीय गिरोह से जुड़ा है।
इस मामले में रोसड़ा थाना कांड संख्या 489/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। इसमें भारतीय न्याय संहिता की धारा 310(4),310(5) और आर्म्स एक्ट की धारा एवं बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम की धारा 30(ए) के तहत केस दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ें: खुद भीख मांगकर चलाती हैं घर, मंदिर को दान में दे दिए 1 लाख रुपये
इसके अलावा पुलिस सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी कर रही है। साथ ही उनके आपराधिक इतिहास को भी खंगाला जा रहा है। पुलिस का कहना है कि अगर किसी आरोपी पर पहले से कोई मामला दर्ज है, तो उसे भी इस केस में जोड़ा जाएगा।