उत्तर प्रदेश में बुधवार को मौसम का मिजाज अचानक से बदला और कई जिलों में दोपहर बाद तेज धूलभरी आंधी, बारिश और तेज हवाओं ने जमकर तबाही मचाई। इस दौरान तेज हवाओं और आंधी के कारण कई हादसे भी हुए जिनमें कई लोगों की जान चली गई। इसके साथ ही कई जगहों पर सड़कों पर पेड़ गिर गए और सड़क और रेल ट्रैफिक प्रभावित हो गया है। कई जिलों में बिजली की सप्लाई भी प्रभावित हुई। मीडिया रिपोर्ट्स के अुसार, इन हादसों से करीब 40 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है।
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में आंधी की चपेट में आने से लोगों की मौत हुई है। इन जिलों में भदोही, मिर्जापुर, फतेहपुर, बदायूं, चंदौली और प्रयागराज समेत कई जिले शामिल हैं। इन जिलों में अलग-अलग घटनाओं में 40 से ज्यादा लोगों की मौत की खबर है। हालांकि, प्रशासन की ओर से अभी आधिकारिक आंकड़ा जारी नहीं किया गया है। इसके साथ ही कई लोग अलग-अलग घटनाओं में घायल भी हो गई। प्रशासन राहत बचाव कार्य में जुटा हुआ है।
यह भी पढ़ें: आज हो जाएगा केरल के CM के नाम का एलान? उलझन में है कांग्रेस
भदोही में सबसे ज्यादा मौतें
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के अनुसार, उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में कल सबसे ज्यादा तबाही देखने को मिली। यहां तेज आंधी-तूफान और बारिश के कारण 17 लोगों की मौत हुई है और अभी भी कई लोग हादसों में घायल हैं। इसके साथ ही कई जगहों पर पेड़ उखड़कर सड़कों पर गिर गए। इससे ट्रैफिक बुरी तरह प्रभावित हुआ है।
प्रयागराज में तबाही
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में बुधवार शाम को अचानक से धूल भरी आंधी और तूफान ने जमकर तबाही मचाई। प्रयागराज में अलग-अलग जगहों पर कुल 17 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। कई जगहों पर तो पेड़ गिरे हैं और कई गाड़िया पेड़ के नीचे दब गई हैं। फूलपुर इलाके में दवा लेकर घर लौट रही एक महिला और उसके छह साल के बेटे की दीवार गिरने से मौत हो गई। प्रयागराज के हंडिया में सात लोगों की मौत हुई है और फुलपुर में चार सोरांव में तीन लोगों की मौत से हड़कंप मच गया है। इसके साथ ही फतेहपुर में भी तूफान का कहर देखने को मिला जहां 9 लोगों की मौत हो गई और 17 लोग घायल हो गए।
उत्तराखंड में कहर और अलर्ट
उत्तराखंड में भी बुधवार को तेज आंधी और तूफान का कहर देखने को मिला। कई जगहों पर अप्रिय घटनाएं हुईं। मौसम विभाग ने आज भी उत्तराखंड के कई जिलों में अलर्ट जारी किया है। जिन जिलों में अलर्ट जारी किया गया है उनमें देहरादून, हरिद्वार, टिहरी, पौड़ी, नौनीताल, चंपावत और ऊधम सिंह नगर शामिल हैं। मौसम विभाग ने इन जिलों में बारिश और बिजली कड़कने के साथ-साथ ओले और तूफान का अलर्ट भी जारी किया है।
यह भी पढ़ें: स्कूल छोड़ते बच्चे, शिक्षक नदारद, नीति आयोग ने क्या खमियां गिनाई हैं?
राहत और बचाव कार्य जारी
उत्तर प्रदेश में बुधवार को कई जगहों पर बड़े हादसे हुए। प्रशासन राहत और बचाव कार्य में जुटा हुआ है। इसके साथ ही सभी जिलाधिकारियों को नुकसान की रिपोर्ट भेजने को कहा गया है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे तक कई जिलों में तेज बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की है तथा लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।