उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी के दो विधानयकों में जबरदस्त विवाद चल रहा है। यह विवाद कानपुर-लखनऊ हाईवे के किनारे की बेशकीमती जमीन पर कब्जे के लिए हो रहा है। मोहान सीट से बीजेपी विधायक ब्रजेश रावत ने सदर सीट से विधायक पंकज गुप्ता और उनकी बहन पर जमीन कब्जाने की कोशिश, गाली-गलौज और हाथापाई के गंभीर आरोप लगाए हैं। बीजेपी विधायकों की यह लड़ाई अब थाने तक पहुंच गई है और पूरे प्रदेश मे इसकी चर्चा है।
ब्रजेश रावत के मुताबिक, नवीन मंडी स्थित उनकी और उनके भाई के नाम की जमीन पर पंकज गुप्ता अपने समर्थकों के साथ मिलकर जबरन कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया है कि विधायक पंकज गुप्ता के 15 से 20 लोग विवादित जमीन पर पहुंचे और वहां दीवार खड़ी कर दी।
यह भी पढ़ें: डेप्युटेशन पर बंगाल में ही तैनात रहेंगे IPS अजय पाल शर्मा? जान लीजिए असली बात
कोर्ट में है मामला
इस विवादित जमीन को लेकर मामला पहले ही कोर्ट में विचाराधीन है। विधायक ब्रजेश रावत ने बताया कि मामला कोर्ट में विचाराधीन है और कोर्ट के स्थगन आदेश के बावजूद जमीन पर दीवार बनाने का काम किया गया। ब्रेजश रावत की और से जब इसका विरोध किया गया तो उनके साथ कथित तौर पर गाली-गलौज की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। इस घटना के बाद विधायक ब्रजेश रावत के भाई राजेश रावत ने सदर कोतवाली में लिखित शिकायत दे दी है।
शिकायत में क्या बताया?
विधायक ब्रजेश रावत क ओर से पुलिस को दी गई शिकायत में बताया गया है कि कानपुर-लखनऊ हाईवे पर स्थित नवीन मंडी के पास वाजिदपुर उर्फ राजेपुर क्षेत्र में उनकी करीब 6 बीघा जमीन है, जो उन्हें ननिहाल से मिली है। उनका आरोप है कि इस जमीन से सटी हुई जमीन सदर से बीजेपी विधायक पंकज गुप्ता ने अपनी बहन दीप्ति गुप्ता के नाम खरीदी है और उसी के बहाने उनकी जमीन पर कब्जा करने की कोशिश की जा रही है। हालांकि, उनके आरोपों पर पंकज गुप्ता ने कहा कि उन्हें इस तरह की किसी घटना की जानकारी नहीं है।
यह भी पढ़ें: असम में घटी दागी विधायकों की संख्या, बढ़ गए करोड़पति माननीय
पुलिस ने शुरू की जांच
इस मामले में अब पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। उन्नाव में भारतीय जनता पार्टी के दो विधायकों के बीच शुरू हुए इस टकराव ने राज्य की राजनीति में हलचल पैदा कर दी है। वहीं एएसपी अखिलेश सिंह ने बताया कि शिकायत मिल चुकी है और मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच के बाद आगे की कार्वाई की जाएगी।