logo

मूड

ट्रेंडिंग:

गन्ने के खेत में घात लगाकर बैठा था बाघ, खेत में गई महिला की मौत से दहशत

वाल्मीकि टाइगर रिजर्व के मदनपुर वनक्षेत्र में खेत में चारा काट रही एक महिला पर बाघ ने हमला कर दिया। हमले में महिला की मौत हो गई है।

Valmiki Tiger Reserve attack

प्रतीकात्मक तस्वीर। Photo Credit- Chatgpt

शेयर करें

google_follow_us

संबंधित खबरें

Advertisement

वाल्मीकि टाइगर रिजर्व के मदनपुर वनक्षेत्र में खेत में चारा काट रही एक महिला पर बाघ ने हमला कर दिया। बाघ ने महिला को अपना शिकार बना लिया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। लोग खेतों में जाने से डर रहे हैं। वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची है और निगरानी कर रही है।

 

मामला नौरंगिया थाना क्षेत्र के पचरूखा सिरिसिया गांव के महजिदिया सरेह का है। 30 वर्षीय सलमा खातून अपने खेत को देखने और मवेशियों के लिए घास काटने पहुंची थी। सलमा रोज की तरह सुबह घर के काम निपटाकर खेत गई थी। उसके साथ गांव की कुछ और महिलाएं भी थीं, जो अलग-अलग खेतों में काम कर रही थीं। महिला धान के खेत में बैठकर घास काट रही थी। इसी दौरान पास के गन्ने के खेत में छिपे बाघ ने पीछे से उस पर हमला कर दिया। 

गन्ने के खेत में छिपे बाघ ने पीछे से किया हमला

बताया जा रहा है कि बाघ पहले से ही गन्ने के खेत में घात लगाकर बैठा था। गन्ने की फसल बड़ी होने के कारण बाघ आसानी से छिपा हुआ था। जैसे ही महिला घास काटने में व्यस्त हुई, बाघ ने पीछे से छलांग लगाकर उसे दबोच लिया।

 

यह भी पढ़ें: पप्पू यादव समेत 10 के खिलाफ FIR, मारपीट का आरोप; जानिए क्या है पूरा विवाद?

 

हमले के बाद महिला चीखने लगी। उसकी आवाज सुनकर आसपास खेतों में काम कर रही महिलाएं मौके पर पहुंचीं तो देखा कि बाघ महिला को मुंह में दबाकर घसीट रहा था। यह दृश्य देखकर महिलाओं की चीख निकल गई। बाघ को सामने देख महिलाएं डर गईं और जोर-जोर से शोर मचाने लगीं।

पुलिस और वन विभाग की टीम पहुंची

महिलाओं का शोर सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर मौके पर दौड़े। करीब 20-25 लोग एक साथ चिल्लाते हुए खेत की ओर भागे। लोगों के हो-हल्ले के बाद बाघ महिला को छोड़कर गन्ने के खेत में भाग गया। जब तक लोग मौके पर पहुंचे, तब तक महिला की मौत हो चुकी थी। उसके शरीर पर बाघ के हमले के गहरे निशान थे। गर्दन और पीठ पर गंभीर जख्म थे। घटना की सूचना मिलते ही नौरंगिया थाना पुलिस और मदनपुर वनक्षेत्र की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल बगहा भेज दिया है। 

 

घटना के बाद गांव में लोगों की भीड़ जुट गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सलमा के दो छोटे बच्चे हैं। पति मजदूरी करता है।मदनपुर वनक्षेत्र पदाधिकारी नसीम अहमद अंसारी ने कहा कि घटना की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के आवेदन के आधार पर विभागीय स्तर पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। नियमानुसार मुआवजा प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई जाएगी। उन्होंने कहा कि वन विभाग की टीम घटनास्थल और आसपास के इलाके में निगरानी कर रही है। ग्रामीणों को सतर्क रहने और अकेले खेत में न जाने की सलाह दी गई है।

ग्रामीणों में बढ़ा डर, वन विभाग पर उठ रहे सवाल

मदनपुर वनक्षेत्र में बाघ के हमले से हुई इस मौत के बाद ग्रामीणों में डर बढ़ गया है। लोगों का कहना है कि यह कोई पहली घटना नहीं है। पिछले कुछ महीनों में VTR से सटे इलाकों में बाघ के हमले की कई घटनाएं हो चुकी हैं। गन्ने के खेत बाघों का ठिकाना बन गए हैं। गन्ने की ऊंची फसल में बाघ आसानी से छिप जाते हैं और मौका पाकर हमला कर देते हैं। ग्रामीणों ने बताया कि सुबह-शाम खेत में जाना खतरे से खाली नहीं है। महिलाएं और बच्चे सबसे ज्यादा डर में हैं। कई बार वन विभाग को इसकी सूचना दी गई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। वन विभाग सिर्फ मुआवजा देकर खानापूर्ति कर देता है, लेकिन बाघों को जंगल में वापस भेजने या खेतों के आसपास सुरक्षा बढ़ाने को लेकर कोई कदम नहीं उठाता।

 

यह भी पढ़ें: दिल्ली से दरभंगा के बीच चलेगी स्पेशल ट्रेन, त्योहारों के बीच रेलवे का फैसला

 

ग्रामीणों ने मांग की है कि वन विभाग गन्ने के खेतों में सर्च ऑपरेशन चलाए और बाघ को जंगल में खदेड़े। साथ ही गांव के आसपास सोलर फेंसिंग लगाई जाए। मृतका के परिजनों को जल्द से जल्द मुआवजा दिया जाए। मालूम हो कि वाल्मीकि टाइगर रिजर्व बिहार का इकलौता टाइगर रिजर्व है। यहां बाघों की संख्या लगातार बढ़ रही है, जो अच्छी बात है, लेकिन जंगल से सटे गांवों में मानव-वन्यजीव संघर्ष भी बढ़ रहा है। खेत जंगल से सटे होने के कारण बाघ अक्सर खेतों में आ जाते हैं। वन विभाग के सामने अब बाघों की सुरक्षा के साथ-साथ ग्रामीणों की सुरक्षा भी बड़ी चुनौती बन गई है।

 

फिलहाल वन विभाग की टीम घटनास्थल पर कैंप कर रही है। आसपास के गन्ने के खेतों में पगमार्क की तलाश की जा रही है। ड्रोन से भी निगरानी की बात कही जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई कर रही है।

Related Topic:#bihar news

और पढ़ें