डॉ संतोष ओझा, वाराणसी| उत्तर प्रदेश के शहर लखनऊ, कानपुर और ग्रेटर नौएडा के बाद वाराणसी में भी एक इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम का उद्घाटन होने जा रहा है। वाराणसी के गंजारी में करीब 450 करोड़ रुपये की लागत से बनकर तैयार हुआ यह क्रिकेट स्टेडियम अब पूरी तरह तैयार है। 2 दिसंबर को प्रधानमंत्री
नरेंद्र मोदी
अपने संसदीय क्षेत्र काशी पहुंचेंगे। इस स्टेडियम की शुरूआत कर इसे खिलाड़ियों व देश को समर्पित करेंगे।
यह स्टेडियम गंजारी, राजातालाब के पास बना है। इसमें लगभग 450 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। इसमें लगभग 30,000 से ज्यादा दर्शक शामिल हो सकते है जिसे जरूरत पड़ने पर 40,000 तक बढ़ाया जा सकता है। पीएम मोदी ने इस प्रोजेक्ट का शिलान्यास 23 दिसंबर 2023 को किया था।
यह भी पढ़ें: 'पैसे देकर Gen-Z को बनाया जा रहा नक्सली', योगी के मंत्री का बयान हुआ वायरल
त्रिशूल, डमरू की थीम पर बना स्टेडियम
गंजारी स्थित यह स्टेडियम अपनी अनूठी वास्तुकला के कारण दुनिया भर के क्रिकेट स्टेडियमों से बिल्कुल अलग है। इसे पूरी तरह भगवान शिव और काशी की आध्यात्मिक थीम पर डिजाइन किया गया है। स्टेडियम में लगाई गई बहुत बड़े फ्लडलाइट्स को भगवान शिव के त्रिशूल के आकार में डिजाइन किया गया है, जो रात के समय बहुत सुंदर लगेगा।
स्टेडियम के मीडिया सेंटर और वीआईपी पवेलियन/एंट्री गेट की बनावट को शिव के प्रिय डमरू का रूप दिया गया है। इसकी छत को भगवान शिव के सिर पर विराजमान अर्धचंद्र के आकार में ढाला गया है। जबकि बाहरी हिस्से और दर्शकों के एंट्री गेट पर बेलपत्र की आकृतियों की खूबसूरत नक्काशी की गई है। दर्शकों के बैठने की व्यवस्था भी काशी के प्रसिद्ध गंगा घाटों की सीढ़ियों की तर्ज पर बनाई गई है।
खेल, पर्यटन और रोजगार को मिलेगी नई रफ्तार
इस अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम के शुरू होने के बाद काशी में देश-विदेश के दिग्गज क्रिकेटरों का जमावड़ा लगेगा। अब तक बड़े अंतरराष्ट्रीय या आईपीएल मुकाबलों को देखने के लिए पूर्वांचल और बिहार-झारखंड के सीमावर्ती इलाकों के क्रिकेट प्रेमियों को दूसरे बड़े शहरों का रुख करना पड़ता था लेकिन अब उन्हें अपने ही शहर में क्रिकेट का रोमांच देखने को मिलेगा।
यह भी पढ़ें: पटना में STF का बड़ा एक्शन, तीन अपार्टमेंट में एक साथ रेड; 32 लोग हिरासत में
इसके साथ ही, बड़े आयोजनों के चलते काशी में 'स्पोर्ट्स टूरिज्म' को भी बढ़ावा मिलेगा। अंतरराष्ट्रीय मैचों के दौरान आने वाले खिलाड़ियों और दर्शकों से होटल, रेस्टोरेंट, ट्रांसपोर्ट और स्थानीय बाजार को सीधा फायदा पहुंचेगा। इससे क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर बनेंगे। कुल मिलाकर, आने वाले दिनों में शिव की इस पावन नगरी में आस्था और अध्यात्म के साथ-साथ क्रिकेट का भी जबरदस्त रोमांच देखने को मिलेगा।