logo

मूड

ट्रेंडिंग:

मणिपुर में हिंसा के बीच फिर 48 घंटे का बंद क्यों बुलाया गया?

मणिपुर के कांगपोकपी जिले में हुई गोलीबारी में एक महिला की मौत हो गई थी। इसके बाद कुकी समुदाय ने 48 घंटों का बंद बुलाया। सीएम ने शांत बहाली के लिए सभी समुदायों की एक समिति बनाने की घोषणा की है। 

Representative Image

प्रतीकात्मक तस्वीर, Photo Credit- Social media

शेयर करें

google_follow_us

संबंधित खबरें

Advertisement

मणिपुर के कांगपोकपी जिले में 13 नवंबर को बाजार, दुकानें और व्यावसायिक प्रतिष्ठान पूरी तरह बंद रहे। इससे आम जनजीवन आंशिक रूप से प्रभावित हुआ। सड़कों से बसें और ऑटोरिक्शा नदारद रहने के कारण यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। यह बंद एक दिन पहले दो समूहों के बीच हुई गोलीबारी में एक महिला की मौत के विरोध में बुलाया गया है।

 

कांगपोकपी स्थित आदिवासी संगठन 'कमेटी ऑन ट्राइबल यूनिटी' (CoTU) ने 12 नवंबर (गुरुवार) को आधी रात से 48 घंटे के बंद का आह्वान किया था। हालांकि, संगठन ने स्कूल-कॉलेज, अस्पताल और अन्य आपातकालीन सेवाओं को इस बंद से बाहर रखा है।

 

यह भी पढ़ें: अमिताभ बच्चन, दिलजीत को बांग्लादेश से मिली धमकियां? यूपी ATS ने किया बड़ा खुलासा

खेत में काम कर रही महिला की मौत

अधिकारियों के मुताबिक, गुरुवार सुबह करीब 11 बजे कांगपोकपी के ताफौ कुकी गांव और पड़ोसी सेनापति जिले के कैलेंगजांग के पास संदिग्ध उग्रवादियों के दो गुटों के बीच गोलीबारी शुरू हुई। इस दौरान खेत में काम कर रही 42 साल की कुकी महिला के. चोंगलोई की गोली लगने से मौत हो गई, जबकि एस. डेविड चोंगलोई और लामखोचोन चोंगलोई घायल हो गए। दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

 

घटना के बाद CoTU ने जिले से सभी केंद्रीय और राज्य सुरक्षाबलों विशेषकर एसपी के नेतृत्व में काम कर रहे बलों को हटाने की मांग की है। संगठन का आरोप है कि सुरक्षा व्यवस्था आम लोगों की जान बचाने में विफल रही है। वहीं, इलाके में तनाव को देखते हुए CRPF, BSF और असम राइफल्स के अतिरिक्त जवान तैनात किए गए हैं। जब सुरक्षाबलों ने ताफौ गांव की तरफ तलाशी अभियान शुरू किया तो स्थानीय महिलाओं ने उन्हें रोकने की कोशिश भी की।

पुराने मामले को लेकर पहले से चल रहा था तनाव

ताफौ कुकी गांव में यह हिंसा ऐसे वक्त हुई है, जब 28 अक्टूबर को इसी गांव के दो लड़के लापता हो गए थे। 1 नवंबर को उनके शव सेनापति जिले में मिले थे। इस घटना को लेकर CoTU पहले से ही विरोध प्रदर्शन कर रहा है। संगठन की मांग है कि ताफौ कुकी गांव को सेनापति के बजाय कांगपोकपी जिला पुलिस के अधिकार क्षेत्र में शामिल किया जाए। उधर, राज्य सरकार इस पूरे मामले की जांच राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) को सौंपने पर विचार कर रही है।

चूड़चंदपुर में रॉकेट और मोर्टार बरामद

मणिपुर के अन्य जिलों से भी हिंसा और सुरक्षा अभियानों की खबरें सामने आई हैं। उखरुल जिले के सिनाकेइथी के पास धान की कटाई कर रहे किसानों पर संदिग्ध उग्रवादियों ने फायरिंग कर दी। इसमें एक किसान घायल हो गया, जिसे सुरक्षाबलों ने अस्पताल पहुंचाया और बाकी किसानों को सुरक्षित निकाला।

 

चूड़चंदपुर जिले में सुरक्षाबलों ने तलाशी अभियान के दौरान 10 फीट लंबा रॉकेट, चीन में बने चार मोर्टार और छह IED बरामद किए। इसके अलावा कांगपोकपी में एक यात्री बस की जांच के दौरान 1.147 किलोग्राम मेथामफेटामाइन की गोलियां जब्त की गईं।

शांति के लिए समुदायों की समिति

बढ़ते तनाव के बीच मणिपुर के मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह ने राज्य में सौहार्द बढ़ाने के लिए सभी समुदायों के प्रतिनिधित्व वाली एक साझा समिति बनाने की घोषणा की है। इंफाल में 10 जनजातीय समुदायों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक के बाद उन्होंने यह जानकारी दी। हाल ही में नई दिल्ली में मुलाकात के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मुख्यमंत्री से पूछा था कि क्या राज्य में सभी समुदायों के बीच एकता बढ़ाने के लिए ऐसा कोई साझा मंच है। इसी के बाद राज्य सरकार ने यह कदम उठाने का फैसला किया है।

 

यह भी पढ़ें: 'सूअर खाते हैं..', आदिवासियों पर BJP विधायक के बिगड़े बोल, मिला शो कॉज नोटिस

 

गौरतलब है कि मणिपुर में मई 2023 से मैतेई और कुकी समुदायों के बीच जारी जातीय संघर्ष में अब तक कम से कम 306 लोगों की जान जा चुकी है। 49 लोग लापता हैं और हजारों लोग बेघर हुए हैं। इसके अलावा, इस साल फरवरी से पहाड़ी जिलों में कुकी और नागा समुदायों के बीच हुई झड़पों में भी कम से कम 50 लोगों की मौत हो चुकी है।


और पढ़ें