logo

मूड

ट्रेंडिंग:

अमिताभ बच्चन, दिलजीत को बांग्लादेश से मिली धमकियां? यूपी ATS ने किया बड़ा खुलासा

UP एटीएस की जांच में सामने आया कि अभिनेता अमिताभ बच्चन के जलसा बंगले व पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ के इंदौर में प्रस्तावित कार्यक्रम को बम से उड़ाने की धमकी वाले ई मेल बांग्लादेश से भेजे गए थे।

Accused Ankit

एटीएस द्वारा पकड़ा गया आरोपी अंकित संखवार, Photo Credit : Social Media

शेयर करें

google_follow_us

संबंधित खबरें

Advertisement

उत्तर प्रदेश के कानपुर में गिरफ्तार अंकित संखवार के मामले में जांच एजेंसी एटीएस ने बड़ा खुलासा किया है। अंकित के लैपटॉप और दूसरे इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच में 17 लाख और ई-मेल आईडी मिली हैं। इससे पहले उसके पास से पांच लाख ई-मेल आईडी बरामद की गई थीं। इस तरह अब तक कुल 22 लाख ई-मेल आईडी सामने आ चुकी हैं। जांच में पता चला है कि अंकित इन ई-मेल आईडी को पाकिस्तान और बांग्लादेश के लोगों को बेचता था। इन्हीं आईडी के जरिये देश के अलग-अलग शहरों में बम से उड़ाने की धमकियां भेजी गई थीं।

 

एटीएस की जांच में सामने आया है कि अभिनेता अमिताभ बच्चन के मुंबई स्थित बंगले जलसा और पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ के इंदौर में प्रस्तावित कार्यक्रम को बम से उड़ाने की धमकी वाले ई-मेल बांग्लादेश से भेजे गए थे। जांच एजेंसी के मुताबिक, इन धमकियों में इस्तेमाल की गई ई-मेल आईडी भी अंकित ने ही बेची थीं। इस खुलासे के बाद जांच एजेंसियां उसके विदेशी संपर्कों और ई-मेल आईडी खरीदने वालों का पता लगाने में जुट गई हैं।

पहले भी कई शहरों को मिली थीं धमकियां

एटीएस ने 28 अक्टूबर को कानपुर निवासी अंकित को गिरफ्तार किया था। उस समय जांच में पता चला था कि नोएडा, दिल्ली, गुरुग्राम और मुंबई समेत कई जगहों पर बम धमाके की धमकी देने के लिए जिन ई-मेल आईडी का इस्तेमाल किया गया, उन्हें अंकित ने तैयार किया था। दिल्ली में दिलजीत दोसांझ के कार्यक्रम को मिली धमकी में भी इन्हीं आईडी का इस्तेमाल हुआ था। आरोप है कि अंकित ने ये ई-मेल आईडी पाकिस्तान और बांग्लादेश के लोगों को बेची थीं और वहीं से धमकी भरे संदेश भेजे गए थे।

 

यह भी पढ़ें: ED को मिली आजम खान की चार दिन की रिमांड, कल लखनऊ लाए जाएंगे

डाटा रिकवर हुआ तो सामने आईं 17 लाख नई आईडी

गिरफ्तारी के समय अंकित के मोबाइल और दूसरे इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों से पांच लाख ई-मेल आईडी मिली थीं। इसके बाद एटीएस ने उसके उपकरणों की गहन जांच कराई और उनमें से मिटाया गया डाटा वापस हासिल कराया। इसी प्रक्रिया में 17 लाख और ई-मेल आईडी सामने आईं। जांच एजेंसी का मानना है कि इतनी बड़ी संख्या में ई-मेल आईडी का इस्तेमाल किसी संगठित नेटवर्क के तहत किया जा सकता था। इसी वजह से अब पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है।

22 लाख ई-मेल बंद कराने के लिए गूगल को पत्र

एटीएस ने करीब 22 लाख ई-मेल आईडी बंद कराने के लिए गूगल को पत्र लिखा है। एजेंसी की कोशिश है कि पाकिस्तान और बांग्लादेश में बैठे लोग इन आईडी का इस्तेमाल आगे धमकी देने या किसी अन्य आपराधिक गतिविधि के लिए न कर सकें। इसके अलावा ग्वालियर के न्यायालय परिसर को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के मामले में भी इस नेटवर्क की भूमिका की जांच की जा रही है।

 

यह भी पढ़ें: लखनऊ में चार दिन में एक परिवार के तीन बच्चों की मौत, गांव में हंगामा

पुलिस हिरासत में पूछताछ से खुलेंगे नेटवर्क के राज

एटीएस अब अंकित को पुलिस हिरासत में लेकर दोबारा पूछताछ करने की तैयारी में है। उससे यह पता लगाया जाएगा कि उसने ई-मेल आईडी किन लोगों को बेची थीं और पाकिस्तान तथा बांग्लादेश में उसके संपर्क किससे थे। जांच एजेंसी ई-मेल आईडी के बदले हुए क्रिप्टोकरेंसी के लेनदेन का भी पता लगाएगी। पूछताछ में यह भी जानने की कोशिश होगी कि बेची गई ई-मेल आईडी से देश में अब तक कितनी जगहों पर धमकियां भेजी गईं और इनके पीछे कौन लोग शामिल थे। एटीएस यह भी पता लगा रही है कि अंकित के साथ इस नेटवर्क में कितने अन्य लोग जुड़े हुए हैं। जांच एजेंसी को उम्मीद है कि पुलिस हिरासत में पूछताछ के दौरान विदेशी संपर्कों, ई-मेल आईडी खरीदने वालों और धमकी देने वाले पूरे नेटवर्क की अहम कड़ियां सामने आएंगी।

Related Topic:#UP News#Crime News

और पढ़ें