logo

मूड

ट्रेंडिंग:

ED को मिली आजम खान की चार दिन की रिमांड, कल लखनऊ लाए जाएंगे

UP रामपुर जौहर यूनिवर्सिटी के धनशोधन मामले में कोर्ट ने सपा नेता पूर्व मंत्री आजम खान को चार दिन तक कस्टडी रिमांड पर भेजने के आदेश दिए है। ईडी आजम खान को डासना जेल ने निकालकर लखनऊ में बंद कमरे में पूछताछ करेगी।

Azam Khan

सपा नेता आजम खान। (Photo Credit: PTI)

शेयर करें

google_follow_us

संबंधित खबरें

Advertisement

समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री आजम खान की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ गई हैं। रामपुर की जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़े धनशोधन मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) को अदालत से आजम खान की चार दिन की कस्टडी रिमांड मिल गई है।

 

अब उन्हें शुक्रवार को गाजियाबाद की डासना जेल से लखनऊ लाया जाएगा। यहां ईडी के अधिकारी बंद कमरे में उनसे पूछताछ करेंगे। जांच एजेंसी की नजर जौहर यूनिवर्सिटी के निर्माण में इस्तेमाल हुई रकम, जौहर ट्रस्ट के वित्तीय लेनदेन और कथित आर्थिक अनियमितताओं पर है।

 

चार दिन की रिमांड मिलने के बाद अब ईडी आजम खान से आमने-सामने बैठाकर सवाल-जवाब करेगी। पूछताछ में यह जानने की कोशिश होगी कि यूनिवर्सिटी के निर्माण के लिए पैसा कहां से आया, किन माध्यमों से रकम जुटाई गई और ट्रस्ट के खातों में आए धन का इस्तेमाल किन कामों में किया गया। जांच एजेंसी निर्माण कार्यों में सरकारी धन के कथित इस्तेमाल और ठेकेदारों के जरिए ट्रस्ट तक पहुंची रकम के आरोपों की भी पड़ताल कर रही है।

जेल से निकलते ही ईडी ने किया था गिरफ्तार

आजम खान को 31 अक्टूबर को रामपुर जेल से रिहाई मिलने के बाद ही ईडी ने गिरफ्तार कर लिया था। वह करीब 11 महीने बाद रामपुर जेल से बाहर आए थे। जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़े धनशोधन मामले में गिरफ्तारी के बाद उन्हें गाजियाबाद की विशेष पीएमएलए अदालत में पेश किया गया था।

 

अदालत ने एक नवंबर को उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में डासना जेल भेज दिया था। इसके बाद से वह गाजियाबाद की डासना जेल में बंद हैं। ईडी ने पहले आजम खान से पूछताछ के लिए सात दिन की कस्टडी रिमांड मांगी थी। अब अदालत ने चार दिन की रिमांड मंजूर की है। इसी अवधि में एजेंसी उनसे मामले से जुड़े अहम सवालों के जवाब हासिल करने की कोशिश करेगी।

 

यह भी पढ़ें: 26 जनवरी के बाद UP में चुनावी बिगुल? योगी के बयान के बाद अटकलें तेज

426 करोड़ रुपये की संपत्ति पर ईडी का शिकंजा

जौहर यूनिवर्सिटी मामले में ईडी की जांच का दायरा काफी बड़ा है। एजेंसी ने 28 अक्टूबर को मौलाना मोहम्मद अली जौहर ट्रस्ट के अधीन यूनिवर्सिटी की जमीन और इमारतों को करीब 426.46 करोड़ रुपये की कीमत तक अस्थायी रूप से कुर्क किया था।

 

ईडी के मुताबिक, कुर्क संपत्तियों का मौजूदा बाजार मूल्य करीब 1170 करोड़ रुपये है। जांच एजेंसी का आरोप है कि यूनिवर्सिटी के निर्माण में सरकारी कार्यों के लिए निर्धारित धन और निर्माण सामग्री का इस्तेमाल किया गया। इसके अलावा सरकारी ठेके हासिल करने वाले ठेकेदारों से मिली रकम को कथित तौर पर दान के रूप में ट्रस्ट तक पहुंचाया गया। ईडी यह भी जांच कर रही है कि यूनिवर्सिटी के निर्माण में खर्च हुई रकम के वास्तविक स्रोत क्या थे और वित्तीय लेनदेन में किन लोगों की भूमिका रही।

किसानों की जमीन और 26 मुकदमों से शुरू हुई जांच

ईडी की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, इस मामले की जांच रामपुर के अजीमनगर थाने में जुलाई 2019 में दर्ज 26 मुकदमों के आधार पर शुरू हुई थी। इन मुकदमों में आरोप लगाया गया था कि रामपुर के सिंगनखेड़ा गांव के किसानों की कृषि भूमि जौहर यूनिवर्सिटी के लिए दबाव और धमकी देकर ली गई। जांच एजेंसी ने बाद में सरकारी धन के कथित दुरुपयोग और ट्रस्ट के वित्तीय लेनदेन से जुड़े पहलुओं को भी जांच में शामिल किया।

 

यह भी पढ़ें: BJP या सपा, किसकी टेंशन बढ़ाएगा ओवैसी और चंद्रशेखर का नया गठबंधन?

डासना जेल में शिवपाल यादव ने की मुलाकात

गुरुवार को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल यादव भी आजम खान से मुलाकात करने गाजियाबाद की डासना जेल पहुंचे। शिवपाल के जेल पहुंचने से पहले वेदांता टोल प्लाजा पर सपा कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इस दौरान बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे। इसके बाद उनका काफिला जेल पहुंचा, जहां उन्होंने आजम खान से मुलाकात की।

 

आजम खान की गिरफ्तारी और अब चार दिन की ईडी रिमांड के बीच शिवपाल यादव की यह मुलाकात राजनीतिक लिहाज से भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। फिलहाल सबकी नजर शुक्रवार को आजम खान को लखनऊ लाए जाने और ईडी की पूछताछ पर टिकी है। 


और पढ़ें