महाराष्ट्र के पुणे के केतन मर्डर केस में अभी भी जांच जारी है, जहां पुलिस लगातार नए खुलासे कर रही है। इसी बीच केतन की मंगेतर और आरोपी सिया के परिवार ने मीडिया के सामने कहा कि वे दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग करते हैं। सिया के माता-पिता का कहना है कि अगर उनकी बेटी सिया भी इस मर्डर केस में दोषी पाई जाती है तो उसे भी कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। साथ ही परिवार ने बताया कि उन्हें सिया और चेतन के कथित प्रेम संबंध के बारे में कोई जानकारी नहीं थी।
सिया के पिता ने ANI को दिए इंटरव्यू में बताया कि केतन उनके अपने बेटे जैसा था। महाराष्ट्र के प्रसिद्ध लोहगढ़ किले से गिरने के कारण 26 साल के केतन की मौत हुई थी। यह घटना 18 जून को हुई थी। शुरुआत में सिया ने यह दावा किया कि वह अपने मंगेतर को मिस कर रही है लेकिन बात में वह खुद इस केस की आरोपी निकली।
यह भी पढ़ें: बिहार में दाखिल-खारिज नियम में क्या बदल गया है? पढ़ें हर सवाल का जवाब
सिया की मां ने क्या कहा?
सिया की मां पूजा गोयल ने कहा कि वह अभी भी केतन की मौत के सदमे में हैं। उन्होंने कहा कि जो भी व्यक्ति इस हत्या का दोषी है, उसे कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए, चाहे वह उनकी बेटी सिया ही क्यों न हो।
पूजा गोयल ने कहा, 'जो व्यक्ति इस अपराध का दोषी है, उसे सख्त से सख्त सजा मिले। अगर मेरी बेटी ही दोषी है तो उसे भी सजा मिले। जिस तरह से केतन को किले से गिराया गया, उसी तरह दोषी को भी किले से गिराकर सजा दी जानी चाहिए।'
इसके आगे उन्होंने बताया कि केतन उनके बेटे जैसा था। कुछ दिनों बाद केतन और सिया की शादी उदयपुर के एक रिजॉर्ट में होने वाली थी। पूरे परिवार ने इस शादी को लेकर कई सपने देखे थे, जो अब टूट चुके हैं।
यह भी पढ़ें: क्या है गंज शाहिदा मस्जिद विवाद, जिसकी आंच पाकिस्तान तक पहुंच गई?
सिया के पिता प्रवीण गोयल ने क्या कहा?
सिया के पिता प्रवीण गोयल ने कहा, 'मुझे चेतन (सिया के कथित बॉयफ्रेंड) के बारे में कुछ भी पता नहीं था। मैंने आज तक उसकी शक्ल भी नहीं देखी थी और न ही उसका नाम कभी सुना था।' इसके बाद उन्होंने कहा, 'केतन का स्वभाव बहुत अच्छा था। वह हर समय मुझे 'पापा-पापा' कहकर बुलाता था। वहीं दूसरी तरफ सिया भी इस शादी को लेकर बेहद खुश थी।'
आखिर में प्रवीण गोयल ने कहा, 'जिस तरह केतन को किले से गिराकर उसकी हत्या की गई, उसी तरह दोषी को भी किले से गिराकर सजा दी जाए। मेरी यही मांग है।'