उत्तर प्रदेश के शामली जिले में शुक्रवार तड़के पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में मुकीम काला गैंग का सक्रिय सदस्य और 50 हजार रुपये का इनामी बदमाश मेहताब उर्फ बेचैन मारा गया। किसान से लूट की वारदात को अंजाम देकर फरार हो रहे बदमाश का पुलिस ने करीब 12 किलोमीटर तक पीछा किया। खुद को चारों ओर से घिरता देख मेहताब ने पुलिस टीम पर 9 एमएम कार्बाइन से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में वह गंभीर रूप से घायल हो गया और अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई। उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
पुलिस के मुताबिक शुक्रवार सुबह करीब तीन बजे बाबरी थाना क्षेत्र के हाथी करौदा गांव निवासी नरेंद्र और उनके भाई नरेशपाल खेतों में पानी लगाने जा रहे थे। जलालपुर कट के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने तमंचे के बल पर उनका मोबाइल फोन, बाइक की चाबी और 180 रुपये लूट लिए। विरोध करने पर बदमाशों ने फायरिंग की और मौके से फरार हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी।पुलिस ने सर्विलांस और चेकिंग के जरिए बदमाशों की लोकेशन ट्रेस की। जलालपुर कट से पीछा शुरू हुआ और करीब 12 किलोमीटर बाद कांधला थाना क्षेत्र की खंद्रावली पुलिया के पास दोनों बदमाशों को घेर लिया गया। पुलिस को देखते ही मेहताब ने कार्बाइन से फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसे गोली लगी, जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया।
यह भी पढ़ें: खुद की तेरहवीं का भोज हो रहा था, घर लौट आया 'मर चुका' शख्स
मौके से कार्बाइन, पिस्टल और लूटा सामान बरामद
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने मौके से किसानों का लूटा गया मोबाइल फोन, 180 रुपये नकद, बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल, 9 एमएम पिस्टल, 9 एमएम कार्बाइन, 13 जिंदा कारतूस और 8 खोखे बरामद किए हैं। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।एसपी एनपी सिंह के अनुसार मेहताब उर्फ बेचैन मूल रूप से कैराना का रहने वाला था और वर्ष 2017 से सहारनपुर में रह रहा था। वह पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुख्यात मुकीम काला गैंग का सक्रिय सदस्य था। उसके खिलाफ शामली और सहारनपुर में लूट, डकैती, हत्या, हत्या के प्रयास, रंगदारी समेत 34 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज थे। सहारनपुर रेंज के डीआईजी ने उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
यह भी पढ़ें: भाई ने फोन पर बात करने से रोका, शादी से 2 दिन पहले जहर खाकर मर गई बहन
महिला सिपाही से लूट में भी था वांछित
पुलिस के मुताबिक 1 मार्च 2026 को मेहताब ने शामली में हरियाणा पुलिस की महिला सिपाही ज्योति मलिक से तमंचे के बल पर कान के कुंडल, नाक की बाली और अंगूठी लूट ली थी। इसके अलावा उसने थानाभवन शुगर मिल के सहायक प्रबंधक अरविंद कुमार से मोबाइल और पांच हजार रुपये की लूट की वारदात को भी अंजाम दिया था। कई अन्य संगीन मामलों में भी वह वांछित चल रहा था।एसपी एनपी सिंह ने बताया कि किसान से लूट की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की। मुठभेड़ के दौरान बदमाश ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में कार्रवाई की। उन्होंने कहा कि फरार बदमाश की तलाश जारी है और अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा।