उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में एक परिवार की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब शादी से ठीक पहले युवती की मौत हो गई। 21 जून को जिस युवती की बारात आने वाली थी, उसकी डोली उठने से पहले ही अर्थी घर से निकल गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है, जबकि पूरे गांव में शोक का माहौल है।
फतेहपुर जिले के बिंदकी कोतवाली क्षेत्र निवासी युवती की शादी जफरागंज थाना क्षेत्र के एक गांव के युवक के साथ तय हुई थी। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं और 21 जून को बारात आने वाली थी। इसी बीच गुरुवार शाम युवती मोबाइल पर किसी से बात कर रही थी। तभी उसका भाई वहां पहुंच गया और मोबाइल पर बातचीत को लेकर एतराज जताने लगा।
मोबाइल छीनने पर बढ़ा विवाद, युवती ने खा लिया जहर
बताया जा रहा है कि भाई ने युवती के हाथ से मोबाइल छीन लिया, जिसके बाद दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि युवती नाराज हो गई और कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खा लिया। कुछ देर बाद उसकी हालत बिगड़ने लगी तो परिजनों के होश उड़ गए।आनन-फानन में युवती को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिंदकी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए कानपुर रेफर कर दिया। इलाज के बाद शुक्रवार को परिजन उसे घर वापस ले आए थे।
यह भी पढ़ें: मांग में सिंदूर, आसपास सुहाग के निशान, फंदे पर लटका मिला प्रेमी जोड़ा
घर लौटने के कुछ देर बाद बिगड़ी तबीयत, चली गई जान
परिजनों को उम्मीद थी कि युवती की हालत में सुधार हो रहा है, लेकिन घर पहुंचने के कुछ समय बाद ही उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिवार के लोग उसे संभाल पाते, उससे पहले ही उसकी मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।
डोली की जगह उठी अर्थी, भाई का रो-रोकर बुरा हाल
जिस घर में शादी के गीत और रस्मों की तैयारियां चल रही थीं, वहां अचानक मातम छा गया। 21 जून को दुल्हन बनने का सपना देख रही युवती की अर्थी उठते देख परिजनों की आंखें नम हो गईं। बहन की मौत के बाद भाई का रो-रोकर बुरा हाल बताया जा रहा है। गमगीन माहौल में परिजनों ने युवती का अंतिम संस्कार कर दिया।
बिंदकी पुलिस का कहना है कि मामले की कोई आधिकारिक सूचना नहीं दी गई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार यदि इस संबंध में कोई तहरीर प्राप्त होती है तो पूरे मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल शादी वाले घर में पसरा मातम पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।