उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। एक प्रेमी युगल की प्रेम कहानी का ऐसा दर्दनाक अंत हुआ जिसने पूरे इलाके को डरा दिया है। शुक्रवार शाम से लापता युवक और युवती के शव शनिवार सुबह गांव के बाहर एक पेड़ से लटके मिले। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि दोनों के शव एक ही दुपट्टे से बने दो अलग-अलग फंदों के सहारे लटके थे।
घटनास्थल पर सिंदूर, बिंदी और अन्य श्रृंगार सामग्री मिलने के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। पुलिस के मुताबिक संदना थाना क्षेत्र के रामपुर खेवटा गांव निवासी 22 वर्षीय प्रियवंश और 19 वर्षीय रजनी शुक्रवार शाम से घर से लापता थे। शनिवार सुबह ग्रामीण खेतों की ओर गए तो गांव के बाहर एक पेड़ पर दोनों के शव लटकते देख सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और कोहराम मच गया। देखते ही देखते घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई।
युवती की मांग में मिला सिंदूर, पेड़ के चारों ओर दिखे निशान
घटनास्थल पर मौजूद लोगों के मुताबिक युवती की मांग में सिंदूर भरा हुआ था। वहीं पेड़ के नीचे बिंदी, सिंदूर और श्रृंगार का अन्य सामान पड़ा मिला। पेड़ के चारों ओर पैरों के निशान भी दिखाई दिए। इन परिस्थितियों के चलते ग्रामीणों के बीच यह चर्चा तेज हो गई कि दोनों ने कथित तौर पर पेड़ के फेरे लेकर शादी करने की कोशिश की होगी और उसके बाद यह कदम उठाया।
यह भी पढ़ें: बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे: कनेक्टिविटी से विकास तक, क्या बदलने वाला है?
युवती का तिलक हो चुका था, जल्द होने वाली थी शादी
ग्रामीणों के अनुसार दोनों लंबे समय से एक-दूसरे से प्रेम करते थे, लेकिन दोनों अलग-अलग जातियों से संबंध रखते थे। बताया जा रहा है कि युवती की शादी कहीं और तय कर दी गई थी और उसका तिलक कार्यक्रम भी हो चुका था। शादी की तैयारियां चल रही थीं। ऐसे में दोनों अपने रिश्ते को लेकर मानसिक तनाव में थे। प्रारंभिक तौर पर माना जा रहा है कि इसी दबाव के चलते दोनों ने यह कदम उठाया।
यह भी पढ़ें: हिंदू बनकर विधवा को फंसाया, निकाह कराया, अब रोजा-नमाज के लिए मजबूर कर रहा पति
पुलिस और फोरेंसिक टीम जुटी, हर पहलू की जांच
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और क्षेत्राधिकारी मौके पर पहुंच गए। फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को कब्जे में लिया गया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। जांच के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी। एक साथ दो युवाओं की मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि ग्रामीण इस घटना को लेकर दिनभर चर्चा करते रहे। प्रेम, सामाजिक बंधनों और पारिवारिक दबाव के बीच खत्म हुई इस प्रेम कहानी ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच आगे बढ़ा रही है।