उत्तर प्रदेश के आगरा में तैनात एसीपी अमीषा सिंह और कुछ प्रदर्शनकारियों के बीच हुई बातचीत का वीडियो वायरल हो गया। बातचीत में प्रदर्शनकारी संगठन का एक पदाधिकारी एसीपी अमीषा सिंह को बहनजी कह देता है। जवाब में एसीपी कहती हैं, 'मैं बहन जी नहीं हूं।' वायरल वीडियो तीन दिन पुराना यानी 15 नवंबर की दोपहर करीब 3 बजे का बताया जा रहा है।
15 सेकंड के वीडियो की सोशल मीडिया पर खूब चर्चा है। अमीषा सिंह आगरा में एसीपी सदर के पद पर तैनात है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक यूजीसी नियमों के विरोध में परशुराम दल के कार्यकर्ता हरियाणा से आगरा पहुंचे। योजना के मुताबिक प्रदर्शनकारी राजपुर चुंगी के पास स्थित परशुराम पार्क में प्रदर्शन करना चाहते थे। आगरा किले के पास सभी के जुटाने की जानकारी पुलिस को मिली। पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और सभी प्रदर्शनकारियों को रोक दिया।
यह भी पढ़ें: कांग्रेस दफ्तर में पत्रकारों से साथ मारपीट, NSUI के कार्यकर्ताओं ने की बदसलूकी
पुलिस ने दिया धारा 163 का हवाला
पुलिस का कहना है कि संगठन के पास प्रदर्शन करने की अनुमति नहीं दी। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने वही पर ही नारेबाजी करना शुरू कर दिया। पुलिस ने उन्हें धारा 163 लागू होने का हवाला दिया। संगठन के कार्यकर्ताओं ने पूछा- तो दलित सम्मेलन की अनुमति कैसे मिली है? दरअसल, 15 नवंबर को ही आगरा के जीआईसी मैदान में सपा अध्यक्ष
अखिलेश यादव
ने दलित सम्मेलन आयोजित किया था।
जुलूस निकालने की नहीं मिली अनुमति
पुलिस से जुलूस की अनुमति न मिलने पर प्रदर्शनकारियों ने वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग की। तभी सदर एसीपी अमीषा सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंची। उन्होंने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया। तभी पुलिस और प्रदर्शनकारियों में बहस होने लगी।
यह भी पढ़ें: अखिलेश के बाद अब दिग्विजय सिंह से मिलीं रोहिणी ,क्या कांग्रेस में करेंगी एंट्री?
'हम तो कहेंगे बहन'
इस बीच एसीपी से एक शख्स बोलता है, 'आप सुनिए बहन जी', जवाब में एसीपी अमीषा सिंह कहती हैं, 'मैं बहनजी नहीं हूं।' आगे शख्स कहता है, 'हम तो कहेंगे... हमारी भारतीय संस्कृति है। हम तो बहन कहते हैं। समस्त भारतीय हमारे भाई-बहन है।' इस दौरान एसीपी अमीषा सिंह सिर हिलाकर बहन न कहने पर जोर देती हैं। अब एसीपी का यही वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल है। लोग अपने-अपने हिसाब से प्रतिक्रिया देने में जुटे हैं।