logo

मूड

ट्रेंडिंग:

मंत्रालय नहीं मिला तो विधानसभा में 'कुल्लू' राग क्यों छेड़ रहे सुंदर ठाकुर?

मंत्री पद न मिलने पर कुल्लू के विधायक सुंदर ठाकुर ने अपनी ही सरकार से सवाल किया है। धर्मशाला में उन्होंने यहां तक कह डाला कि कुल्लू के लोगों को क्या सिर्फ बाजा बजाने के लिए रखा है?  

कुल्लू के विधायक सुंदर ठाकुर। Photo Credit: sunderthakurkullu/FB

कुल्लू के विधायक सुंदर ठाकुर। Photo Credit: sunderthakurkullu/FB

शेयर करें

google_follow_us

संबंधित खबरें

Advertisement

हिमाचल प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र के बीच कुल्लू के विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने मंत्री पद नहीं मिलने को लेकर एक बार फिर अपनी नाराजगी सार्वजनिक कर दी है। इस बार उनका सवाल केवल अपनी राजनीतिक महत्वाकांक्षा तक सीमित नहीं रहा, बल्कि उन्होंने कुल्लू जिले के राजनीतिक प्रतिनिधित्व को लेकर भी अपनी ही सरकार पर सवाल खड़ा किया है। सुंदर सिंह ठाकुर ने मीडिया से बातचीत में तल्ख लहजे में पूछा कि क्या कुल्लू के लोगों को सिर्फ बाजा बजाने के लिए रखा गया है? उनके इस बयान ने प्रदेश की राजनीति में कुल्लू जिले की हिस्सेदारी और कांग्रेस सरकार में क्षेत्रीय संतुलन की बहस को फिर से हवा दे दी है।

 

विधायक ने कहा कि मंत्री पद को लेकर मामला कहां फंसा हुआ है, इसकी जानकारी मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ही बेहतर तरीके से दे सकते हैं। उनके इस जवाब से साफ है कि मंत्री बनाए जाने की उम्मीद अभी पूरी नहीं हुई है और इस मुद्दे पर उनकी नाराजगी भी खत्म नहीं हुई है।

 

मंत्री पद की प्रतीक्षा अब कुल्लू के सम्मान का सवाल बनी

सुंदर सिंह ठाकुर ने अपने बयान में कुल्लू जिले के राजनीतिक इतिहास और सरकारों में यहां के प्रतिनिधित्व का मुद्दा उठाया है। उनका इशारा इस बात की ओर है कि कुल्लू प्रदेश की राजनीति में हमेशा महत्वपूर्ण भूमिका निभाता रहा है। यहां से विधायक चुनकर आने वाले नेता पहले भी प्रदेश सरकार में मंत्री पद संभाल चुके हैं। ऐसे में मौजूदा सरकार में कुल्लू को मंत्रिमंडल में जगह नहीं मिलने पर सवाल उठना स्वाभाविक है।

 

कुल्लू की राजनीति में पूर्व मंत्री राजकृष्ण गौड़ और सत्य प्रकाश ठाकुर का नाम महत्वपूर्ण रहा है। राजकृष्ण गौड़ ने प्रदेश सरकार में पर्यटन, आबकारी एवं कराधान और कृषि जैसे विभागों की जिम्मेदारी संभाली थी। वहीं, सत्य प्रकाश ठाकुर भी पूर्व में मंत्री रह चुके हैं। इसके अलावा कुल्लू से विधानसभा उपाध्यक्ष का पद भी प्रदेश को मिल चुका है।

 

कुल्लू का राजनीतिक इतिहास केवल विधानसभा में विधायक भेजने तक सीमित नहीं रहा, बल्कि जिले के नेताओं ने सरकार और संवैधानिक पदों पर भी अपनी भूमिका निभाई है। इसी पृष्ठभूमि में सुंदर ठाकुर का यह सवाल राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण हो जाता है कि आखिर मौजूदा सरकार में कुल्लू की हिस्सेदारी कहां है?

फरवरी से शुरू हुआ आश्वासनों का सिलसिला, लेकिन नहीं मिली कुर्सी

सुंदर सिंह ठाकुर को मंत्री बनाए जाने की चर्चा कोई नई नहीं है। 17 फरवरी 2026 को विधानसभा के भीतर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने सदन में ही सुंदर ठाकुर के जल्द मंत्री बनने का संकेत दिया था। मुख्यमंत्री के इस बयान के बाद कुल्लू में उनके समर्थकों को लगा था कि अब मंत्रिमंडल में उनकी जगह लगभग तय है।  इसके बाद अगस्त और सितंबर में भी मंत्रिमंडल विस्तार की चर्चाओं के बीच सुंदर ठाकुर का नाम लगातार सामने आता रहा।

अक्टूबर में मुख्यमंत्री, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार और सुंदर सिंह ठाकुर के दिल्ली दौरे ने इन अटकलों को और तेज कर दिया। माना गया कि कांग्रेस हाईकमान के साथ मंत्रिमंडल विस्तार पर चर्चा होगी और सुंदर ठाकुर की ताजपोशी का रास्ता साफ हो सकता है।

26 अक्टूबर को कुल्लू में मुख्यमंत्री ने पत्रकारों से बातचीत में कहा था कि वह पिछले एक साल से सुंदर ठाकुर को मंत्री बनाने की बात कर रहे हैं। उन्होंने यहां तक कहा कि जब भाग्य की कुंडली खुलेगी, उसी हिसाब से उन्हें मंत्री बनाया जाएगा। मुख्यमंत्री के इस जवाब ने राजनीतिक गलियारों में खूब सुर्खियां बटोरी थीं।  यहीं से सुंदर ठाकुर के मंत्री पद को लेकर राजनीतिक बहस में कुंडली और ग्रह-दशा का दिलचस्प प्रसंग भी जुड़ गया। अब धर्मशाला में उनका ताजा बयान इस पूरे घटनाक्रम को एक नए मोड़ पर ले आया है।

 

यह भी पढ़ें: हिमाचल विधानसभा सत्र शुरू, भ्रष्टाचार और चुनावी वादों पर होगा सियासी घमासान

नवंबर में कुल्लू कांग्रेस ने भी खोल दिया मोर्चा

मंत्री पद में हो रही देरी का असर अब कांग्रेस संगठन के भीतर भी दिखाई देने लगा है। 11 नवंबर को कुल्लू में ब्लॉक कांग्रेस की बैठक में कार्यकर्ताओं ने इस मुद्दे पर नाराजगी जताई थी। बैठक में यह मांग उठी कि यदि 11 दिसंबर तक सुंदर सिंह ठाकुर को मंत्रिमंडल में शामिल नहीं किया जाता है तो संगठन के पदाधिकारी सामूहिक इस्तीफा देने का रास्ता अपना सकते हैं।

 

जिला कांग्रेस कमेटी ने भी सुंदर ठाकुर को मंत्री बनाने के समर्थन में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष सेस राम आजाद के नेतृत्व में हुई बैठक में 16 जोन अध्यक्षों और 157 बूथ अध्यक्षों की भागीदारी रही। प्रस्ताव कांग्रेस के राष्ट्रीय और प्रदेश नेतृत्व के साथ मुख्यमंत्री तक पहुंचाने का निर्णय लिया गया। 

 

इससे पहले सुंदर ठाकुर ने भी सोशल मीडिया पर अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा था कि यह मामला केवल उनके मंत्री बनने का नहीं, बल्कि कुल्लू और यहां की जनता के आत्मसम्मान का है। उन्होंने कार्यकर्ताओं के फैसले के साथ चलने की बात भी कही थी। 12 नवंबर को सामने आई उनकी प्रतिक्रिया में 11 दिसंबर के बाद राजनीतिक भविष्य को लेकर फैसला कार्यकर्ताओं पर छोड़ने का संकेत था।

एक खाली मंत्री पद और कांग्रेस के सामने कई सवाल

हिमाचल प्रदेश मंत्रिमंडल में खाली चल रहे एकमात्र मंत्री पद को लेकर अब कांग्रेस के भीतर भी दबाव बढ़ता जा रहा है। सुंदर सिंह ठाकुर लगातार दूसरी बार कुल्लू से विधायक चुने गए हैं। इससे पहले वह मुख्य संसदीय सचिव भी रह चुके हैं। हालांकि, 13 नवंबर 2024 को हाईकोर्ट के फैसले के बाद मुख्य संसदीय सचिवों की नियुक्तियां रद्द हो गई थीं।

 

मुख्यमंत्री की ओर से कई बार मंत्री बनाने के संकेत मिलने के बावजूद नियुक्ति नहीं होना अब राजनीतिक चर्चा का विषय बन चुका है।

 

एक तरफ कुल्लू कांग्रेस संगठन अपने विधायक के समर्थन में प्रस्ताव पारित कर रहा है, दूसरी तरफ विधायक स्वयं सार्वजनिक मंचों पर अपनी नाराजगी जाहिर कर रहे हैं। मंत्रिमंडल में क्षेत्रीय और सामाजिक समीकरणों को लेकर भी चर्चाएं हैं, लेकिन सुंदर ठाकुर को मंत्री बनाए जाने में देरी की कोई आधिकारिक वजह सरकार की ओर से स्पष्ट नहीं की गई है।

 

यह भी पढ़ें: हिमाचल में अदरक की कीमत में बढ़ोतरी, किसानों को कितना होगा लाभ ?

अब मुख्यमंत्री के जवाब पर टिकी निगाहें

धर्मशाला में सुंदर सिंह ठाकुर का ताजा बयान कई राजनीतिक संकेत दे रहा है। पहले मुख्यमंत्री की ओर से कुंडली और ग्रह-दशा का जिक्र हुआ, फिर कुल्लू कांग्रेस ने अपने विधायक के समर्थन में प्रस्ताव पारित किया, उसके बाद 11 दिसंबर तक का अल्टीमेटम सामने आया और अब विधायक ने सीधे कुल्लू के राजनीतिक सम्मान का सवाल उठा दिया है। सबसे अहम बात यह है कि सुंदर ठाकुर ने मंत्री पद में देरी का ठीकरा किसी एक नेता पर फोड़ने के बजाय कहा है कि मामला कहां फंसा है, यह मुख्यमंत्री ही बेहतर बता सकते हैं।

 

अब सवाल यह है कि क्या मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू सुंदर ठाकुर को मंत्रिमंडल में शामिल करने के अपने पुराने आश्वासन को पूरा करेंगे? क्या कुल्लू को सरकार में प्रतिनिधित्व मिलेगा या फिर 11 दिसंबर तक यह राजनीतिक खींचतान जारी रहेगी? फिलहाल सुंदर ठाकुर के 'बाजा बजाने' वाले बयान ने मंत्रिमंडल विस्तार की चर्चा को व्यक्तिगत दावेदारी से आगे बढ़ाकर कुल्लू के राजनीतिक प्रतिनिधित्व और सम्मान की बहस में बदल दिया है।


और पढ़ें