गुरुग्राम में महिला बाइक सवार शिवानी चौहान उर्फ सिया को अपनी कार से जानबूझकर टक्कर मारने के आरोपी कार ड्राइवर कल्याण बैंसला को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया गया। उसे राजस्थान के राजगढ़ से अरेस्ट किया गया है। यह मामला सोमवार को सोशल मीडिया पर आने के बाद हाई प्रोफाइल हो गया, जिसके बाद पुलिस पर दबाव बना और बैंसला को गिरफ्तार करने पर मजबूर होना पड़ा।
लोगों ने गुरुग्राम पुलिस की कार्रवाई पर सवाल भी उठाए हैं, क्योंकि यह रोडरेज की घटना दो दिन पुरानी है। सारे सबूत और वीडियो पुलिस के पास होने के बावजूद कल्याण बैंसला को गिरफ्तार करने में 48 घंटे से ज्यादा का समय लग गया।
यह भी पढ़ें: IPR नहीं फिर भी उत्तराखंड में IFS अफसर को मिला प्रमोशन, CBI जांच की मांग
चलती बाइक से गिरी थीं सिया
आरोप है कि कल्याण बैंसला ने अपनी तेज रफ्तार मारुति सियाज कार ने सिया की अप्रिलिया RS 457 बाइक को टक्कर मार दी थी। टक्कर लगने के बाद सिया चलती बाइक से गिर गई थीं और सड़क पर घिसटती हुई चली गई थीं। यह पूरी घटना सिया की बाइक में लगे कैमरे में कैद हो गई थी।
सोशल मीडिया पर लोगों ने उठाई थी आवाज
दुर्घटना की शिकार सिया ने इससे पहले सोशल मीडिया पर एक नया वीडियो जारी करके कल्याण बैंसला पर गंभीर आरोप लगाए थे। इसके बाद गुरुग्राम पुलिस ने मामले में हत्या के प्रयास की धारा के तहत केस दर्ज किया। हालांकि, सोशल मीडिया पर इस वीडियो को लेकर गुरुग्राम पुलिस से जल्द से जल्द कार्रवाई करने की मांग की गई थी।
ग्रुप कैप्टन पर भी हुआ था जानलेवा हमला
दरअसल, सिया के साथ गुंडागर्दी का यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले गुरुग्राम में ही पिछले दिनों कारगिल युद्ध के नायक रहे रिटायर्ड ग्रुप कैप्टन अमित कुमार गुप्ता पर जानलेवा हमला किया गया था। शहर के मैग्नम ग्लोबल पार्क के पार्किंग अटेंडेंट ने उन पर लोहे की रॉड से हमला किया था। इस हमले में अमित के सिर पर गंभीर चोट आई और कोहनी में फ्रैक्चर हो गया था।
खुद पर जानलेवा हमला होने के बाद रिटायर्ड ग्रुप कैप्टन अमित गुप्ता पुलिस के पास गए लेकिन पुलिस ने उनकी कोई मदद नहीं की। बाद में जब वह अस्पताल गए तो इलाज के बाद गलत MLC रिपोर्ट दे दी। उन्होंने सेक्टर 65 थाने में शिकायत दी है। हालांकि, बाद में पुलिस के ऊपर दबाव बढ़ने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया।
यह भी पढ़ें: पुलिस की धक्का-मुक्की के बाद गर्भवती महिला की मौत, 6 पुलिसकर्मी सस्पेंड
पुलिस के मुताबिक आरोपी की पहचान फरीदाबाद के कोट गांव के रहने वाले दीपक मावी के तौर पर हुई। आरोपी ने कबूला कि उसने गुस्से में आकर लोहे के पाइप से अमित के ऊपर हमला किया।
गुरुग्राम की कार्रवाई पर उठ रहे सवाल
गुरुग्राम में लगातार आम नागरिकों के ऊपर जानलेवा हमले की वारदातें बढ़ती जा रही हैं लेकिन पुलिस इस सभी घटनाओं के सामने आने के बाद देर से कार्रवाई कर रही है। इससे अपराधियों को बल मिल रहा है। कई बाद दबाव बढ़ने के बाद शहर की पुलिस गुंड़ो पर कार्रवाई कर रही है। ऐसे में लोग पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठा रहे हैं।