गुड़गांव से भारतीय जनता पार्टी के सांसद राव इंद्रजीत सिंह ने कहा है कि गुरुग्राम में हो रहे जलजमाव की वजह पुरानी कांग्रेस सरकार है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस सरकार ने काम नहीं किया था, इसलिए गुरुग्राम में जलजमाव की समस्या बनी हुई है। दिलचस्प बात यह है कि जिस कांग्रेस सरकार की वह बात कर रहे हैं, वह खुद भी उसी कांग्रेस सरकार में मंत्री रहे हैं। उन्होंने कहा है कि पहले पानी की निकासी के लिए जो रास्ते थे, अब वहां निर्माण हो चुका है, रास्ते बंद हो गए हैं इसलिए ही शहर जल जमाव से जूझता है।
राव इंद्रजीत ने कहा है कि जिन जगहों पर निर्माण हुए हैं, वहां से यमुना और बरसात का पानी निकलता है, वहीं पर निर्माण हो गया है, ऐसे में पानी की निकासी की समस्या लगातार बनी हुई है। उन्होंने इसके निदान के लिए एक तरीका भी सुझाया है। उनका कहना है कि जैसे जमीन के भीतर से मेट्रो चलती है, वहां भी ड्रेनेज सिस्टम है, ठीक वैसे शहर में जल निकासी की व्यवस्था करनी होगी, तभी पानी से राहत मिलेगी।
गुरुग्राम में जलजमाव के लिए कांग्रेस को कोस रहे राव इंद्रजीत
गुड़गांव के अंदर कई साल से जलजमाव हो रहा है। मुख्य कारण है कि पहले परंपरागत नाले थे, जो पहाड़ से पानी को ले जाया करते थे यमुना तक, उन पर निर्माण हो चुका है। कांग्रेस के कार्यकाल में हुए निर्माण को आज तक हम संभाल रहे हैं। आज के दिन इसे ठीक करने का एक ही तरीका है, जहां पुराने नाले थे, वहां मेट्रो की तरह अंडरग्राउंड टनल बनाकर, वैसे ही पुराने रास्तों को भेज दें।'
क्यों ट्रोल हो रहे हैं राव इंद्रजीत सिंह?
राव इंद्रजीत सिंह ने जिस कांग्रेस सरकार का जिक्र किया है, उस वक्त वह भी उसी कांग्रेस का हिस्सा थे। अक्तूबर 2014 में कांग्रेस सरकार की विदाई हुई, उससे पहले साल 1999, 2009 और 2014 में हर बार राव इंद्रजीत सिंह कांग्रेस पार्टी से सांसद रहे। वह साल 2019 में कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में शामिल हुए। लोग लिख रहे हैं कि बीजेपी में जाकर कांग्रेस वालों को भी देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू की गलती नजर आती है।
गुरुग्राम का हाल क्या है?
गुरुग्राम के कई इलाके पानी में डूबे है। IFFCO चौक भी पानी में डूबा नजर आया। उसी के पास एक 10 फूट चौड़ा गड्डा भी बना है। आलम यह है कि पुलिस को बैरिकेडिंग से रास्ता बंद करना पड़ा है, नेशनल हाइवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने दोनों रास्ते बंद कर दिए है। जलजमाव की वजह से भारी ट्रैफिक लग रहा है, लोगों को घर पहुचने में दिक्कत हो रही है। पानी इस हद तक जमा है कि लोगों को राह नहीं मिल पा रही है। कई लेन आज तक बंद है।