छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने एक अन्य महिला और उसके मासूम बेटे की हत्या कर दी। वहीं बेटी पर भी जानलेवा हमला किया। महिला की दूसरी बेटी ने भागकर अपनी जान बचाई। पुलिस के मुताबिक घटना भिलाई कस्बे के सुपेला पुलिस थाना अंतर्गत तितरुडीह कॉलोनी की है। आरोपी महिला ने सुबह आठ बजे खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद से इलाके में सनसनी फैली है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी महिला के एसटीएफ कांस्टेबल ललितेश यादव के साथ संबंध थे। उनका रिश्ता पिछले दो-तीन वर्षों से चल रहा था। महिला कांस्टेबल के साथ ही उसके घर में रहना चाहती थी। मगर कांस्टेबल का परिवार राजी नहीं था। शुक्रवार को भी इसी बात पर महिला और कांस्टेबल के परिवार के बीच काफी विवाद हुआ।
यह भी पढ़ें: जिस सलीम वास्तिक का रेता गया गला, वह निकला बच्चे का 'हत्यारा'
दुर्ग के एसपी विजय अग्रवाल ने बताया कि आरोपी महिला की पहचान 27 वर्षीय सरोजिनी भारद्वाज के तौर पर हुई है। शनिवार सुबह कथित तौर पर महिला ने कांस्टेबल ललितेश यादव के घर में घुसकर चाकू से हत्याकांड को अंजाम दिया। घटना के वक्त ललितेश यादव घर पर मौजूद नहीं थे।
पुलिस के अनुसार हमले में एसटीएफ कांस्टेबल की पत्नी रीना यादव और 8 वर्षीय बेटे आदित्य यादव की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। बीच-बचाव करने में 12 वर्षीय बेटी को भी गंभीर चोट आई है।
यह भी पढ़ें: 7 सांसद टूटने से पंजाब में आम आदमी पार्टी के वोट बैंक पर क्या असर होगा?
घर पर ही मौजूद दूसरी बेटी ने भागकर अपनी जान बचाई और शोर मचाकर पड़ोसियों को इकट्ठा किया। लोगों ने आरोपी महिला सरोजिनी भारद्वाज को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया है। आरोपी महिला को हिरासत में लेने के बाद मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है।