आंध्र प्रदेश में एक बीजेपी नेता की हत्या की साजिश उसकी की पत्नी ने रची। लेकिन किस्मत ने बीजेपी नेता का साथ दिया और उसकी जान बच गई। पुलिस ने आरोपी पत्नी समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया। अदालत ने सभी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। घटना आंध्र प्रदेश के तिरुपति जिले चंद्रगिरी की है।
दरअसल, कुछ लोगों ने बीजेपी नेता की बाइक को आग लगा दी। पुलिस ने पहले सियासी रंजिश के एंगल से मामले की जांच की। बाद में सीसीटीवी फुटेज के आधार पर 5 संदिग्धों को हिरासत मे लिया और उनसे पूछताछ की। आरोपियों में से एक ने खुलासा किया कि साजिश बीजेपी नेता की हत्या की थी और इस पूरे मामले में उसकी पत्नी भी शामिल है।
यह भी पढ़ें: फ्रांस में हिंसा के बाद 400 स्कूल बंद, क्यों भड़के छात्र, वामपंथी इसके पीछे?
पहले सियासी रंजिश के एंगल से पुलिस ने की जांच
पूरा मामला 13 सितंबर का है। कुछ लोगों ने बीजेपी मंडल अध्यक्ष मुनिराजु की बाइक को रात के अंधेरे में आग लगा दी। अगले दिन मुनिराजु ने मामले की शिकायत पुलिस को दी। कुछ दिन पहले गणेश चतुर्थी के एक पोस्टर को लेकर राजू का किसी से विवाद हुआ था। पुलिस ने इसी सियासी एंगल से मामले की छानबीन शुरू की, लेकिन कुछ हाथ नहीं लगा।
सीसीटीवी फुटेज से आरोपी तक पहुंची पुलिस
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की जांच की। इसके बाद साई, उदय किरण, लीला कृष्णा, पृथ्वीराज और हरीश को हिरासत में लिया। कड़ाई से पूछताछ में आरोपियों ने पूरा राज उगल दिया। जांच में पता चला कि मुनिराजु की पत्नी प्रशांति आरोपी साई से सोशल मीडिया पर बातचीत करती थी।
कथित तौर पर पत्नी ने साई के साथ मिलकर अपने पति को रास्ते से हटाने का साजिश रची। कई बार मुनिराजु पर हमले का प्लान बना। पुलिस के मुताबिक आरोपी पत्नी साई से इंस्टाग्राम पर बातचीत करती थी। वह अपने पति की हर गतिविधि को भेज रही थी। यहां तक कि लाइव अपडेट भी देती थी।
यह भी पढ़ें: 'अखिलेश ने तलाक दे दिया, मैंने कबूल कर लिया', सपा के साथ जाने पर बोले OP राजभर
सभी आरोपी न्यायिक हिरासत में
बाइक में आग लगने की घटना के बाद पूरी साजिश से पर्दा उठ गया। पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपियों कई बार मुनिराजु पर हमले की कोशिश की थी। मगर किसी कारणवश हत्याकांड को अंजाम नहीं दे सके। पुलिस ने पांचों आरोपियों के अलावा मुनिराजु की पत्नी प्रशांति को भी गिरफ्तार किया। सभी को अदालत में पेश किया गया। जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।