ओडिशा के बलांगीर जिले में एक व्यक्ति की मौत हो गई है। मृतक के परिवार ने पुलिस के सामने दावा किया है कि बहू की वजह से उनके बेटे की जान गई है। परिवार का आरोप है कि कुछ दिन पहले बहू ने बेटे के सिर पर मोबाइल मार दिया था, जिसकी वजह से उसकी मौत हुई। साथ ही परिवार ने आरोप लगाया कि बहू ने बेटे को अंतिम समय में भी अपनी बेटी से मिलने नहीं दिया। वहीं, पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि मृतक पिछले कई महीनों से लिवर की बीमारी से पीड़ित था। मौत की सही वजह जानने के लिए पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
यह मामला बलांगीर जिले के चिमिनी भाटीपाड़ा गांव का है। यहां रहने वाले स्वप्नेश्वर मिश्रा को 9 जुलाई को अचानक पेट में दर्द हुआ। हालत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। स्वप्नेश्वर की मौत के बाद परिवार को उनकी पत्नी पर शक हुआ, जिसके आधार पर परिवार वालों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
यह भी पढ़ें: बॉलीवुड से रिश्ता, खूब चलाए मेडिकल कैंप, 28 साल बाद खुला राज कि फर्जी है डॉक्टर
क्या बहू की वजह से गई बेटे की जान?
मृतक स्वप्नेश्वर के पिता प्रफुल्ल कुमार ने अपनी बहू के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने पुलिस को बताया कि 21 जून को बहू अनामिका सतपथी और स्वप्नेश्वर के बीच बहस हुई थी। दोनों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि अनामिका ने स्वप्नेश्वर पर हाथ उठा दिया। इस दौरान उसने स्वप्नेश्वर के सिर पर मोबाइल मार दिया।
हमला इतना तेज था कि उनके सिर से खून बहने लगा, जिसके बाद डॉक्टरों ने उनके सिर पर टांके लगाए थे। इस झगड़े को रोकने के लिए पुलिस भी मौके पर पहुंची थी। इसके अलावा प्रफुल्ल कुमार ने आरोप लगाया कि स्वप्नेश्वर अंतिम समय में अपनी बेटी से मिलना चाहते थे लेकिन उनकी बहू ने ऐसा नहीं होने दिया।
यह भी पढ़ें: चंडीगढ़ में मर्सिडीज कार से 2 लड़कों को कुचला, आरोपी हुआ गिरफ्तार, वीडियो वायरल
कैसे पता चलेगी मौत की वजह?
एक तरफ मृतक के पिता का आरोप है कि बहू के हमले की वजह से उनके बेटे की जान गई, वहीं दूसरी तरफ पुलिस की जांच में पता चला है कि स्वप्नेश्वर लिवर की बीमारी से भी पीड़ित थे। ऐसे में मौत की वास्तविक वजह जानने के लिए पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की सही वजह पता चलेगी।