उत्तर प्रदेश के हमीरपुर में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक खौफनाक साजिश का पुलिस ने खुलासा किया है। आरोप है कि 44 लाख रुपये का जीवन बीमा क्लेम हासिल करने के लिए एक पति ने अपने साथियों के साथ मिलकर पत्नी की हत्या की साजिश रची। पहले महिला को सुनसान सड़क पर बुलाया गया, फिर कार से कई बार कुचलकर उसकी हत्या कर दी गई।
वारदात को सड़क हादसा दिखाने और पुलिस को गुमराह करने की भी पूरी कोशिश की गई, लेकिन तकनीकी जांच और सीसीटीवी फुटेज ने पूरे षड्यंत्र का पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने पति समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्या में इस्तेमाल कार भी बरामद कर ली है।
पुलिस के मुताबिक, यह सनसनीखेज वारदात 29 जुलाई की रात लालपुरा थाना क्षेत्र के पौधिया गांव के पास हुई थी। अगले दिन खेतों से लौट रहे ग्रामीणों ने ट्रक लेन के किनारे एक महिला का क्षत-विक्षत शव देखा। पहली नजर में मामला सड़क हादसे का लग रहा था, लेकिन जांच आगे बढ़ने पर पूरी कहानी बदल गई।
बैंक पर्ची से हुई महिला की पहचान
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने महिला के कपड़ों की तलाशी ली तो बैंक खाते की एक पर्ची मिली। इसके आधार पर मृतका की पहचान रीता, पत्नी अमर सिंह सविता, निवासी बमरौली (मौदहा) के रूप में हुई। रीता का मायका कानपुर देहात के राजपुर में था। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
यह भी पढ़ें: निर्माण रोकने की दी धमकी, 15 लाख मांगी घूस; JE समेत तीन गिरफ्तार
कर्ज उतारने के लिए बनाया मौत का प्लान
जांच में सामने आया कि आरोपी अमर सिंह और उसके साथियों पर भारी कर्ज था। एएसपी अरविंद कुमार के अनुसार, कर्ज चुकाने के लिए आरोपियों ने रीता के नाम 44 लाख रुपये की जीवन बीमा पॉलिसी कराई। योजना यह थी कि रीता की मौत के बाद बीमा क्लेम मिलेगा, जिसमें से 20 लाख रुपये अमर सिंह को और बाकी रकम उसके साथियों में बांटी जाएगी।
पुलिस के अनुसार, वारदात वाली रात अमर सिंह ने पत्नी रीता को पौधिया नहर रोड पर बुलाया, जहां उसके साथी पहले से कार लेकर मौजूद थे। जैसे ही रीता वहां पहुंची, कार से उसे टक्कर मारकर सड़क किनारे खाई में गिरा दिया गया। इसके बाद आरोपी उसे दोबारा सड़क पर लाए और उसके ऊपर फिर से कार चढ़ा दी, ताकि उसकी मौके पर ही मौत हो जाए और मामला हिट एंड रन दुर्घटना जैसा दिखाई दे।
पति की हरकतों ने खोल दिया राज
पुलिस अधीक्षक मृगांक शेखर पाठक के निर्देशन में लालपुरा थाना, एसओजी और सर्विलांस टीम ने संयुक्त जांच शुरू की। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) की जांच में अमर सिंह की गतिविधियां संदिग्ध मिलीं। हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की गई तो उसने कथित तौर पर पूरी साजिश कबूल कर ली।पुलिस ने इस मामले में अमर सिंह, अमित गुप्ता (कानपुर देहात), पुष्पेंद्र सोनी उर्फ साहिल (महोबा) और अभय सिंह उर्फ गोलू (फतेहपुर) को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से हत्या में इस्तेमाल की गई कार और एक एयरटेल सिम कार्ड भी बरामद किया गया है। सभी आरोपियों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
यह भी पढ़ें: प्रेम संबंध से नाराज भाई बना बहन का कातिल, धारदार हथियार से मार डाला
पुलिस कर रही पूरे नेटवर्क की जांच
पुलिस का कहना है कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है। बीमा पॉलिसी कैसे कराई गई, इसमें किसी एजेंट या अन्य व्यक्ति की भूमिका थी या नहीं, इसकी भी पड़ताल की जा रही है। साथ ही आरोपियों के आर्थिक लेनदेन और आपसी संपर्कों की भी जांच की जा रही है। यह वारदात लालच में रिश्तों के कत्ल की ऐसी कहानी बन गई, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया।