महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजी नगर के बजाज नगर इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां शीला सोनकर नाम की महिला को अपनी पसंद के पुरुष की पत्नी से इतनी नफरत थी कि उसने उनके ही घर में घुसकर हत्या कर दी। आरोपी की उम्र 45 साल है जबकि जिस महिला की हत्या की गई है उसकी उम्र 40 साल और नाम साधना महेंद्र सोनपाटकर है। यह खौफनाक वारदात 22 अप्रैल की सुबह हुई, जिससे पूरे इलाके के लोग डर गए हैं।
आरोपी महिला शीला सोनार इस मर्डर को अंजाम देने के लिए पूरी तैयारी करके आई थी। वह अपने साथ एक बंदूक, एक तेज धार वाला चाकू और मिर्च का स्प्रे लेकर साधना के घर पहुंची थी। उसका मकसद सिर्फ एक ही था, साधना की जान लेना।
यह भी पढ़ें: जिस सलीम वास्तिक का रेता गया गला, वह निकला बच्चे का 'हत्यारा'
चाकू से हुआ हमला
जैसे ही शीला घर के अंदर घुसी, उसने सबसे पहले बंदूक निकालकर साधना पर तान दी और गोली चलाने की कोशिश की। घर में मौजूद साधना की सास ने हिम्मत दिखाई और शीला से भिड़ गई। उन्होंने शीला के हाथ से बंदूक छीनकर उसे घर से बाहर फेंक दिया। बंदूक छिनने के बाद भी शीला रुकी नहीं और उसने अपना चाकू निकाल लिया।
चाकू निकालते ही शीला ने साधना पर हमला कर दिया। उसने बिना दया दिखाए साधना के शरीर पर 12 से भी ज्यादा बार चाकू से वार कर दिए। साधना की सास अपनी बहू को बचाने के लिए बार-बार बीच में आती रहीं लेकिन शीला ने उन्हें हटा दिया और साधना को लहूलुहान कर दिया। बहुत ज्यादा खून बह जाने के कारण साधना ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
मौके पर ही रुकी रही आरोपी
साधना को मारने के बाद शीला वहां से भागी नहीं। वह हाथ में खून से सना चाकू लेकर साधना की लाश के पास ही खड़ी रही और फोन पर किसी से बात करने लगी। पड़ोसी इतने डर गए कि कोई अंदर नहीं गया, बल्कि खिड़की से इस पूरी घटना का वीडियो बनाया जो अब वायरल हो रहा है।
जांच में पता चला है कि शीला का साधना के पति महेंद्र के साथ अफेयर था। यह भी सामने आया है कि शीला ने पहले भी महेंद्र से करीब 36 लाख रुपये वसूल लिए थे। शीला, साधना को अपने रास्ते का कांटा मानती थी, इसलिए उसने उसे खत्म करने का प्लान बनाया।
यह भी पढ़ें: लंगड़ाकर आया शातिर चोर, एम्बुलेंस से अस्पताल पहुंचकर उड़ाई नर्स की स्कूटी
आरोपी को किया गिरफ्तार
पुलिस को सुबह करीब 10 बजे इस मर्डर की खबर मिली। जब पुलिस की टीम मौके पर पहुंची, तो आरोपी शीला सोनकर वहीं खड़ी मिली जिसे पुलिस ने तुरंत पकड़ लिया। इस मामले में साधना की सास सबसे बड़ी गवाह हैं, क्योंकि उन्होंने यह सब अपनी आंखों के सामने होते देखा और अपनी बहू को बचाने की पूरी कोशिश भी की। फिलहाल पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।