दिल्ली एनसीआर में एक कॉमेडी शो के दौरान स्टैंड अप कॉमेडियन यश माहेश्वरी के विवादित बयान पर देशभर में आक्रोश फैल रहा है। आरोप है कि कॉमेडियन ने अपने शो में सिंदूर को लेकर बेहद आपत्तिजनक और अश्लील तुलना की थी। इस टिप्पणी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद महिलाओं में गुस्सा है। इसी के साथ ही हर जगह सियासत भी तेज हो गई है। बिहार से लेकर दिल्ली तक लोग इस टिप्पणी की निंदा कर रहे हैं। वहीं कॉमेडियन के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
यश के खिलाफ बिहार में पक्ष और विपक्ष दोनों मिलकर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। बिहार बीजेपी की प्रदेश महामंत्री प्रीति शेखर ने यश के लिए कहा कि लातों के भूत बातों से नहीं मानते हैं। वहीं RJD के प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने यश के बयान को बेहद ही आपत्तिजनक और माफी देने लायक नहीं बताया है।
यह भी पढ़ें: कौन हैं कॉमेडियन यश महेश्वरी जिसने महिलाओं के सिंदूर लगाने पर किया भद्दा कमेंट?
क्या बोलीं बीजेपी महामंत्री प्रीति शेखर?
बिहार बीजेपी की प्रदेश महामंत्री प्रीति शेखर ने यश माहेश्वरी की टिप्पणी पर कड़ा पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि बिहार में प्रचलित कहावत है कि लातों के भूत बातों से नहीं मानते हैं। यश को बिहार की महिलाएं लतिया देंगी, तब समझ आ जाएगा। कॉमेडी का मतलब हंसाना होता है, न कि किसी की आस्था और अस्मिता का मजाक उड़ाना। उन्होंने कहा कि यश माहेश्वरी ने जो किया है, वह कॉमेडी नहीं, बल्कि ओछी मानसिकता का प्रदर्शन है। प्रीति शेखर ने कहा कि बिहार का सबसे बड़ा त्योहार छठ महापर्व है। उसमें महिलाएं सिंदूर लगाती हैं। सिंदूर बिहार की महिलाओं के लिए सिर्फ श्रृंगार नहीं, बल्कि सुहाग, आस्था और संस्कार का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इस कॉमेडियन पर कठोर कार्रवाई होनी चाहिए और बिहार सरकार को भी इस पर कार्रवाई करनी चाहिए।
प्रीति शेखर ने कहा कि सिंदूर की तुलना आपत्तिजनक तरीके से करना बेहद ही घटिया और ओछी मानसिकता है। यश को माफी नहीं मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अक्सर ऐसे लोग पहले अभद्र टिप्पणी करते हैं और बाद में सोशल मीडिया पर माफी मांगकर बच निकलते हैं। लेकिन इस बार ऐसा नहीं होना चाहिए। अगर माफी से ही काम चल गया तो हर कोई महिलाओं का अपमान करके माफी मांग लेगा। इसलिए कानून के तहत सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। ताकि भविष्य में कोई भी कॉमेडियन या कलाकार महिलाओं और आस्था के प्रतीक पर इस तरह की टिप्पणी करने की हिम्मत न करे।
RJD प्रवक्ता ने भी किया हमला
इस घटना पर RJD के प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने भी बयान दिया है। RJD ने इस यश के बयान की निंदा करते हुए कहा कि यश माहेश्वरी ने बेहद आपत्तिजनक टिप्पणी की है। इसके लिए माफी नहीं दी जा सकती है। RJD ने बिहार सरकार से तत्काल मामले का संज्ञान लेने और कॉमेडियन के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। शक्ति सिंह यादव का कहना है कि बिहार की महिलाओं और छठ महापर्व का अपमान करने वाले को सिर्फ माफी मांगकर नहीं छोड़ा जा सकता। उन्होंने कहा कि यह मामला सिर्फ एक कॉमेडियन की फिसलन नहीं है। बल्कि बिहार की संस्कृति और महिलाओं की गरिमा पर सीधा हमला है। सरकार को इस पर तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए। ताकि भविष्य में कोई भी इस तरह की हिम्मत न करे।
यह भी पढ़ें: सिंदूर लगाने के तरीके पर मजाक उड़ाकर फंसे कॉमेडियन यश माहेश्वरी, अब मांगी माफी
कॉमेडियन ने वीडियो जारी कर मांगी माफी
हालांकि, विवाद बढ़ने के बाद यश माहेश्वरी ने वीडियो जारी कर सार्वजनिक रूप से माफी मांगी है। उन्होंने कहा कि उनका इरादा किसी की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने या बिहार की संस्कृति का अपमान करने का नहीं था। उन्होंने कहा, 'मैं अपनी गलती पूरी तरह स्वीकार करता हूं और इसके लिए माफी मांगता हूं।' लेकिन माफी के बाद भी लोगों का गुस्सा शांत नहीं हुआ है। पटना में छठ पर्व करने वाली महिलाओं के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर कॉमेडियन के यूट्यूब चैनल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामला साइबर पुलिस थाने में दर्ज किया गया। यहां तक कि राष्ट्रीय महिला आयोग ने भी इस मामले का स्वत: संज्ञान लेते हुए नोटिस जारी किया है। साथ में बिहार डीजीपी से 7 दिनों के भीतर विस्तृत कार्रवाई रिपोर्ट मांगी है।